मणिपुर में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन का वरिष्ठ कैडर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन का वरिष्ठ कैडर गिरफ्तार


इंफाल, 26 जनवरी (हि.स.)। मणिपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान के दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के वरिष्ठ कैडर, उसके छोटे भाई और जबरन वसूली करने वाले एक शख्स को पकड़ा गया है।

मणिपुर पुलिस ने सोमवार को बताया कि रविवार को प्रतिबंधित रिवोल्यूशनरी पीपल्स फ्रंट/पीपल्स लिबरेशन आर्मी (आरपीएफ/पीएलए) के एक सक्रिय कैडर युमनाम ब्रोजेन सिंह उर्फ ​​कुंजो (54) को गिरफ्तार किया गया। वह इंफाल पश्चिम जिले के मयांग इंफाल थाना क्षेत्र का निवासी है। आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गयी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान सिंह के छोटे भाई युमनाम थॉमस सिंह उर्फ ​​जॉन (45) को भी उसके उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े सबूतों को नष्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सुरक्षाकर्मियों ने उनके पास से दो मोबाइल फोन और दो आधार कार्ड बरामद किए हैं।

बीते 24 जनवरी को एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के उरुप सालनफाम मथक के रहने वाले जबरन वसूली करने वाले मोहम्मद नवाज खान (32) को सेनापति बाजार से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार खान इंफाल पूर्व में लोगों और संस्थानों को धमकी भरे कॉल करके और डिमांड लेटर भेजकर जबरन वसूली करता था।

आरोपित के पास से दो मोबाइल फोन, एक कलाई घड़ी, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे कई पहचान पत्र, एक क्रेडिट कार्ड, चार डेबिट कार्ड और अन्य लेनदेन से जुड़े दस्तावेज शामिल हैं। जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि जब्त किए गए सामान से जबरन वसूली नेटवर्क और उसके वित्तीय लेनदेन के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिलेंगे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों उग्रवादी संगठन और जबरन वसूली रैकेट से जुड़े अतिरिक्त लिंक, फंडिंग चैनलों और संभावित साथियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है। सुरक्षा बलों ने गैर-कानूनी तत्वों पर दबाव बनाए रखने और पूरे राज्य में सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

उल्लेखनीय है कि मणिपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व और सेनापति जिलों में वांछित लोगों की गिरफ्तारी के लिए एक अभियान चलाया है। इस दौरान यह गिरफ्तारियां की गयी हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story