मणिपुर राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने शारदा देवी को बनाया उम्मीदवार

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने शारदा देवी को बनाया उम्मीदवार


इम्फाल, 05 जून, (हि.स.)। आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मणिपुर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शारदा देवी को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। मणिपुर की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के बाद पार्टी ने इस निर्णय की घोषणा की।

शारदा देवी राज्यसभा के लिए भाजपा की ओर से चुनाव मैदान में उतरेंगी। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।

राज्यसभा सीट के लिए मतदान 18 जून को होगा। मणिपुर का उच्च सदन में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिहाज से यह चुनाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है और विभिन्न राजनीतिक दल इसके लिए अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं।

उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद मणिपुर भाजपा ने शारदा देवी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी ने कहा कि संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, जनसेवा के प्रति समर्पण और राज्य में उनके नेतृत्व कौशल को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा ने अपने संदेश में उनके चुनावी सफलता की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वह राज्यसभा में मणिपुर और देश के लोगों की सेवा के लिए प्रभावी भूमिका निभाएंगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story