मणिपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन उग्रवादी कैडर और एक ड्रग तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन उग्रवादी कैडर और एक ड्रग तस्कर गिरफ्तार


इंफाल, 24 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने 23 जुलाई को राज्यभर में चलाए गए अलग-अलग अभियानों के दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े तीन सक्रिय कैडरों और एक संदिग्ध ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान हथियार, गोलियां और भारी मात्रा में संदिग्ध हेरोइन भी बरामद की गई।

शुक्रवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बिष्णुपुर थाना क्षेत्र के तेरा उराक चेकपोस्ट से पुलिस ने केवाईकेएल के कथित सक्रिय कैडर और रंगदारी वसूली में संलिप्त मयांगलाम्बम टोम्बा सिंह उर्फ लक्ष्पा (39) को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से चुराचांदपुर के बिजांग खुनौ का निवासी है और वर्तमान में फुबाला राहत शिविर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वह मोइरांग स्थित एक पेट्रोल पंप में हुए विस्फोट की घटना में भी कथित रूप से शामिल था। उसके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन तथा विभिन्न बोर के 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने मोलनोम क्षेत्र से यूकेएनए के सक्रिय सदस्य एस पलाल कुकी उर्फ लालबोई सिंगसन को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक वह संगठन का वित्त प्रमुख था और उस पर रंगदारी वसूली तथा कई गोलीबारी की घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।

इसी क्रम में पुलिस ने इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपत थाना क्षेत्र के वांगखेई अयांगपाली रोड से केसीपी के कथित सक्रिय कैडर गुरुमयुम खुगामनी शर्मा उर्फ नानाओ उर्फ बामोन (37) को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वह भी रंगदारी वसूली की गतिविधियों में शामिल था।

वहीं, मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए एक अलग अभियान में थौबल जिले के लिलोंग बाजार निवासी लैला (30) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 10 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई 389 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। मामले की जांच जारी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story