मणिपुर के अलग-अलग इलाकों से मादक पदार्थ तस्कर एवं उग्रवादी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर के अलग-अलग इलाकों से मादक पदार्थ तस्कर एवं उग्रवादी गिरफ्तार


इंफाल, 24 जून (हि.स.)। मणिपुर में अलग-अलग हिस्सों में पुलिस ने अभियान चलाते हुए बीते 24 घंटों के दौरान मादक पदार्थ के तस्कर एवं उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। वहीं तलाशी के दौरान हथियार एवं गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। इस संबंध में एक महिला समेत कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय बुधवार काे बताया कि 23 जून को मणिपुर पुलिस ने थौबल जिले के लिलोंग सांबरुखोंग के तीन निवासियों को गिरफ़्तार किया। उनके पास से लगभग 80 ग्राम वज़न की संदिग्ध ब्राउन शुगर वाली दो साबुनदानी बरामद हुईं। इस मामले में गिरफ्तार तीनों तस्करों की पहचान सुरैया उर्फ़ नहा (37), मो. तमीजुद्दीन उर्फ़ सनाटोम्बा उर्फ़ नहाटोम्बा (33) और मो. सराफ़ुद्दीन उर्फ़ मामेई (31) के रूप में की गयी है।

इसी दिन सुरक्षा बलों ने पोरोमपट थानांतर्गत इलाके से उग्रवादी संगठन प्रीपाक (रेड आर्मी) के एक तथाकथित स्वयंभू सार्जेंट मेजर, क्षेत्रिमायुम फ्रेन्स्टन सिंह उर्फ़ नानाओ उर्फ़ इथाट (40) को गिरफ़्तार किया गया। वह इंफाल ईस्ट जिले के टॉप खोंगनांग मखोंग, मयांगलाम्बम लम्पक का रहने वाला है।

पुलिस ने बताया है कि इंफाल ईस्ट ज़िले के शाबुंगकोक निवासी एवं आरपीएफ/पीएलए के एक सक्रिय सदस्य नोंथोंगबम इंगो उर्फ़ कृष्णा उर्फ़ युहेनबा (51) की गिरफ़्तारी एवं पूछताछ के बाद (जिसे पहले गोवा पुलिस की मदद से मणिपुर पुलिस ने दक्षिण गोवा के कुनकोलिम से थौबल ज़िले के लिलोंग-थाने में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में गिरफ़्तार किया था) 22 जून को थौबल ज़िले के चिंगडोमपोक, हेइरोक पार्ट-II से हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया गया। बरामद सामग्रियों में दो इंसास राइफलें, नौ इंसास राइफल की मैगजीन, दो 9 एमएम की पिस्तौल, अलग-अलग कैलिबर के 163 जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

इस बीच सोमवार को सुरक्षा बलों ने इंफाल ईस्ट ज़िले के पोरोमपट थानांतर्गत मिनुथोंग से मो. वाहिदुर रहमान (35) को गिरफ़्तार किया। वह मूल रूप से बिष्णुपुर जिले के क्वाक्ता का रहने वाला था और हाल ही में इंफाल ईस्ट जिले के मंत्रीपुखरी में रह रहा था। उसके पास से लगभग एक किलो संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद किया गया।

इसी दिन एक अन्य अभियान में मणिपुर पुलिस ने सोरेपा के एक जबरन वसूली करने वाले सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया गया। उसे मोरेह बाजार वार्ड नंबर 8, ए/पी प्रवाबती कॉलेज मायंग इंफाल रिलीफ कैंप से पकड़ा गया। वह कैंप में रह रहा था। उसकी पहचान युमनाम थोइबा मैतेई (57) के रूप में हुई है।

एक अन्य अभियान में 22 जून को ही सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के मयांग इंफाल थानांतर्गत मयांग इंफाल मैबाम ममांग लीकाई क्षेत्र से सोरेपा के एक सक्रिय कैडर युमनाम जॉयराज सिंह उर्फ इबोमचा (36) को गिरफ्तार किया। वह इंफाल पश्चिम जिले के युमनाम हुइड्रोम खुन्याई लीकाई का निवासी बताया गया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story