मणिपुर में तीन उग्रवादी एवं एक ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर में तीन उग्रवादी एवं एक ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार


मणिपुर में तीन उग्रवादी एवं एक ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार


इंफाल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर में पुलिस एवं सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। अभियानों के दौरान उग्रवादी संगठनों के कैडरों की गिरफ्तारी के साथ ही अन्य तरह के अपराधियों की धर-पकड़ तेज है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार सुबह जारी बयान के अनुसार मंगलवार को सीडीओ-बिष्णुपुर की एक संयुक्त टीम ने क्वाक्ता सेवला गांव पंचायत (जीपी), वार्ड नंबर 1 के रहने वाले मु. अब्दुल हकीम (60) को गिरफ्तार किया है। आरोपित उग्रवादी संगठन केसीपी (वांगलेन ग्रुप) का एक सक्रिय सदस्य है। उसे उसके इलाके से गिरफ्तार किया गया। वह क्वाक्ता इलाके में जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल था।

इसी दिन खुफिया जानकारी के आधार पर, सीडीओ/इंफाल ईस्ट की एक टीम ने इंफाल वेस्ट के सिंगजामेई थानांतर्गत सिंगजामेई ओक्रम लीकाई में एक सीआई अभियान चलाया और हेरंगोइथोंग अहोंगशांगबम लीकाई, इंफाल वेस्ट ज़िले के अहोंगशांगबम पिंकुमानी सिंह उर्फ बॉयनाओ (39) को गिरफ्तार किया। वह उग्रवादी संगठन प्री-पाक का एक स्व-घोषित कॉर्पोरल सक्रिय कैडर था।

पुलिस सूत्रों ने बताया है कि सोमवार को सीडीओ-बिष्णुपुर की एक टीम ने मोइरांग थांगा पार्किंग से उग्रवादी संगठन केवाईकेएल के एक सक्रिय कैडर, सलाम पुंशी मैतेई (44) को गिरफ्तार किया। वह जनवरी 2026 में मोइरांग थाना लीकाई में एम/एस एलिडास फ्यूल स्टेशन (ऑयल पंप) पर हैंड ग्रेनेड फेंकने की घटना में शामिल था।

वहीं, सोमवार को ही राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर नशीले पदार्थों की आवाजाही के बारे में मिली जानकारी के आधार पर, ज़िला पुलिस जिरीबाम और सुरक्षा बलों की टीमों ने लेइगांगपोकपी गांव में एक नाका चेकपॉइंट लगाया। एक यात्री वाहन की जांच के दौरान, एक यात्री के पास से काले रंग का पॉलीथीन बैग बरामद किया गया। इस मामले में मु. जमाल उद्दीन (40) को गिरफ्तार किया गया। आरोपित पड़ोसी राज्य असम के कछार ज़िले के लखीपुर थानांतर्गत गोंटाग्राम के रहने वाले (स्वर्गीय) जलाल उद्दीन के पुत्र है। उसके पास से 2.1 किलोग्राम ब्राउन शुगर वाले 04 पैकेट बरामद हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760452 Articles

Share this story