मणिपुर में उग्रवादी हमला, दो ग्रामीणों की मौत, कई घर जलाए

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर में उग्रवादी हमला, दो ग्रामीणों की मौत, कई घर जलाए


कामजोंग, 11 जून (हि.स.)। मणिपुर के कमजोंग जिले में गुरुवार तड़के उग्रवादी हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग प्रभावित हुए। हमले के दौरान कम से कम छह घरों को आग के हवाले कर दिया गया, जिससे गांव में दहशत का माहौल फैल गया।

जानकारी के अनुसार, भारी हथियारों से लैस उग्रवादियों का एक समूह सुबह होते ही कमजोंग जिले के कुल्तुह कुकी गांव में घुस आया और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद हमलावरों ने कई आवासीय मकानों में आग लगा दी। अचानक हुए इस हमले से भयभीत ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए आसपास के जंगलों की ओर भाग गए।

ईस्टर्न कुकी चीफ्स एसोसिएशन ने मृतकों की पहचान कुल्तुह चर्च के हेड डीकन लेटमिनलुन हाओकिप और चर्च यूथ चेयरमैन लुनमिनथांग हाओकिप के रूप में की है। घटना में दो अन्य ग्रामीणों के घायल होने की भी सूचना है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पड़ोसी जिले कांगपोकपी में अपहृत छह नागा समुदाय के लोगों के शव बरामद होने के बाद पूरे राज्य में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस घटना को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन हुए हैं तथा सेनापति जिले में एक राजनीतिक दल के कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मणिपुर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने कामजोंग तथा आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की प्रतिशोधात्मक सामुदायिक हिंसा को रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।

इस बीच, विभिन्न कुकी सामाजिक संगठनों ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे सुनियोजित आतंकी कार्रवाई बताया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हमले में शामिल उग्रवादी संगठन की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story