मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अपहृत व्यक्ति को बचाया, नौ उग्रवादी गिरफ्तार
इम्फाल, 19 जून, (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अपहृत व्यक्ति को सुरक्षित मुक्त कराया तथा विभिन्न उग्रवादी संगठनों से जुड़े नौ सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, तेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना क्षेत्र के गेट नंबर-1 इलाके से सुरक्षा बलों ने गुरुवार नगामसोम बैते (50) को सुरक्षित बरामद किया। बी. बोंगजांग गांव निवासी बैते का कथित तौर पर पीएसएच के संदिग्ध उग्रवादियों ने अपहरण कर लिया था। बचाव अभियान के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
इसके अलावा, सुरक्षा बलों ने काकचिंग जिले के विभिन्न स्थानों से केसीपी (एमएफएल) के चार सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोइरांगथेम तोंडोम्बा सिंह उर्फ टेमे (44), वाहेंगबाम इनाओ सिंह उर्फ जैक (46), नोंगमैथेम डेविड मैतेई (42) और माईबाम लोकेंद्र सिंह (38) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ये उग्रवादी रंगदारी वसूली और अवैध हथियार आपूर्ति के नेटवर्क में शामिल थे।
वहीं, मणिपुर पुलिस ने इंफाल पूर्व जिले से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के चार सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया। इन पर इंफाल पूर्व के विभिन्न इलाकों में, जिसमें ब्रह्मापुर नहाबाम बामोन लैकाई स्थित एक आवास भी शामिल है, हैंड ग्रेनेड रखने का आरोप है। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान हुइद्रोम पालिनबा सिंह उर्फ नानाओ (19), पेबाम रोशन सिंह (18), नामेइराकपाम जित्सोन मैतेई (19) और माइमोम लेम्बा मैतेई (28) के रूप में हुई है।
इसके अलावा एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थाना क्षेत्र से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय कैडर हेमाम लाइंगम मैतेई उर्फ नगाम्बा (33) को गिरफ्तार किया।
एक अन्य अभियान में 16 जून को आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय सदस्य अराम्बाम सनायाइमा मैतेई उर्फ अली (48) को इंफाल पूर्व जिले के लामलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत कांगला संगोमशांग आवांग लैकाई से गिरफ्तार किया गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि राज्य में उग्रवादी गतिविधियों, रंगदारी और अवैध हथियारों के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेंगे।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

