मणिपुर में देसी शराब तस्कर एवं दो संगठनों के पांच उग्रवादी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर में देसी शराब तस्कर एवं दो संगठनों के पांच उग्रवादी गिरफ्तार


इंफाल, 14 मई (हि.स.)। मणिपुर में उग्रवादियों एवं मादक पदार्थों के विरूद्ध पुलिस एवं सुरक्षा बलों का लगातार अभियान जारी है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों से यूएनएलएफ(पी) के एक कैडर, अवैध शराब विक्रेता को गिरफ्तार किया। वहीं, इंफाल पश्चिम जिले से एक अन्य अभियान में केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के संस्थापक समेत कुल पांच कैडरों को गिरफ्तार किया है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने गुरुवार काे आधिकारिक बयान में बताया कि 13 मई को पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग थानांतर्गत लामसांग बाजार से ट्रोंगलाओबी अवांग लीकाई निवासी मुतुम इनाओ सिंह (30) को गिरफ्तार किया। उसके कब्ज़े से 250 लीटर देसी शराब और एक ईको वैन (डब्ल्यूबी-22यू-4023) जब्त की गई। गिरफ्तार व्यक्ति और जब्त किए गए सामान को कांगचुप आबकारी विभाग, लामसांग को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार 12 मई को मणिपुर पुलिस ने लिलोंग चाजिंग इलाके से यूएनएलएफ(पी) गुट के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति इरिलबुंग थाना में दर्ज एक बम धमाके के एफआईआर मामले में आरोपी है। उसकी पहचान हिदांगमायुम बेनेरजीत शर्मा (24) उर्फ मांजा के रूप में की गयी है। वह इंफाल पूर्व जिले के याइरिपोक टॉप चिंगथा माथक लीकाई का रहने वाला है। उसके कब्ज़े से बरामद सामग्रियों में तीन मोबाइल फ़ोन, एक पर्स (जिसमें 32,500 रुपये, आधार कार्ड, यूएनएलएफ(पी) का आईडी कार्ड), एक साइड बैग और बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के एक महिंद्रा स्कार्पियो-एन वाहन शामिल है।

एक अन्य अभियान में 12 मई को सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के लाम्फेल थानांतर्गत लंगोल इलाके से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक स्वयंभू संस्थापक अध्यक्ष और चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। स्वयंभू संस्थापक अध्यक्ष लैशराम रंजीत सिंह (52) उर्फ तमंगनबा उर्फ अपिक उर्फ लोया, जो इंफाल पश्चिम जिले के युरेम्बाम अवांग लीकाई का रहने वाला है।

वहीं, अन्य कैडरों की पहचान ओइनम सोमेनचंद्र सिंह (42) उर्फ माचा उर्फ मोइरांगजाओ उर्फ करांगजाओ, अरंबम बिरकुमार (52) उर्फ़ कानबा उर्फ़ बीके, माइबम तोम्बा सिंह (39) उर्फ़ लोया और चाबुंगबम लामंगनबा मैतेई (38) उर्फ़ वांगबा के रूप में की गयी है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से पांच मोबाइल फ़ोन और तीन आधार कार्ड ज़ब्त किए गए।

फिलहाल, पुलिस सभी मामलों में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी रखे हुए है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story