मणिपुर : कांगपोकपी में आई रोड किनारे कई नगा गांवों पर हमला, गोलीबारी और घरों में आग लगाने की सूचना

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर : कांगपोकपी में आई रोड किनारे कई नगा गांवों पर हमला, गोलीबारी और घरों में आग लगाने की सूचना


मणिपुर : कांगपोकपी में आई रोड किनारे कई नगा गांवों पर हमला, गोलीबारी और घरों में आग लगाने की सूचना


कांगपोकपी, 01 सितंबर (हि.स.)। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में इम्फाल–तामेंगलोंग (आईटी) रोड के किनारे स्थित कई नगा गांवों पर मंगलवार तड़के सशस्त्र समूहों द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने और घरों में आग लगाए जाने की सूचना है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इलाके में सुबह करीब चार बजे से लगातार गोलीबारी की आवाजें सुनाई दीं।

सूत्रों ने बताया कि टापन खुनोउ और टापन कुलेन समेत कई गांवों को कथित तौर पर निशाना बनाया गया। वहीं, मकुई से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित लियांगमाई नगा गांव पीपुराम में भी आगजनी की सूचना है। घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

मकुई विलेज अथॉरिटी ने पीपुराम गांव पर हुए कथित हमले की कड़ी निंदा की है। अथॉरिटी के अनुसार, सशस्त्र कुकी उग्रवादियों ने कथित तौर पर सुबह करीब चार बजे पीपुराम पर हमला किया और अंधाधुंध गोलीबारी के बाद घरों तथा अन्य संपत्तियों में आग लगा दी।

अथॉरिटी ने दावा किया कि हमले में कई घर नष्ट हो गए तथा खाद्यान्न और घरेलू सामान भी आग की चपेट में आ गए। इसके बाद हमलावरों ने मुख्य मकुई नगा गांव को भी कथित रूप से निशाना बनाया और गांव की ओर गोलीबारी जारी रखी। बयान में आरोप लगाया गया कि हमलावरों ने घरों में आग लगाने और ग्रामीणों को नुकसान पहुंचाने का भी प्रयास किया।

मकुई विलेज अथॉरिटी ने 27 अगस्त को हुई एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया। अथॉरिटी के मुताबिक, मकुई आशांग और थानाम्बा गांव के बीच घात लगाकर किए गए हमले में मकुई के चार ग्रामीण मारे गए थे।

अथॉरिटी ने आरोप लगाया कि आईटी रोड के किनारे स्थित लियांगमाई नगा बस्तियों में हिंसा की घटनाएं लगातार जारी हैं। उसके अनुसार, इन घटनाओं का कथित उद्देश्य लियांगमाई नगा लोगों को उनके इलाकों से विस्थापित कर उनकी पैतृक भूमि पर नियंत्रण स्थापित करना है।

हालांकि, हमले और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है। सुरक्षा व्यवस्था, आगजनी से हुए नुकसान और संभावित हताहतों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story