मणिपुर : रिम्स अस्पताल परिसर में प्रदर्शन और झड़प, छोड़े गए आंसू गैस के गोले

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर : रिम्स अस्पताल परिसर में प्रदर्शन और झड़प, छोड़े गए आंसू गैस के गोले


इंफाल, 15 जून (हि.स.)। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में साेमवार काे हुई गोलीबारी की घटना में घायल तीन कुकी व्यक्तियों को उपचार के लिए रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) लाए जाने के बाद अस्पताल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विरोध प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र हो गया, जिसके बाद सुरक्षा बलों को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

जानकारी के अनुसार, कांगपोकपी जिले के लेइलोन वैफेई और कोंसाखुल गांवों के निकट हुई कथित गोलीबारी में घायल तीन लोगों को विशेष उपचार के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था। उनके अस्पताल पहुंचते ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी अस्पताल के मुख्य द्वार पर एकत्र हो गए और भर्ती का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा पार कर अस्पताल परिसर में प्रवेश कर गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घायल व्यक्ति प्रतिद्वंद्वी कुकी गुटों से जुड़े हुए हैं। इस दौरान ऑल नागा स्टूडेंट्स एसोसिएशन मणिपुर (एएनएसएएम) के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा बलों द्वारा घायलों को अस्पताल तक सुरक्षा प्रदान किए जाने पर सवाल उठाए और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शन के उग्र होने पर कुछ लोग अस्पताल के आपातकालीन वार्ड की ओर बढ़ने लगे, जिससे सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने आंसू गैस के गोले दागे, जिसके बाद प्रदर्शनकारी अस्पताल परिसर से हट गए।

हालांकि, अस्पताल के बाहर विभिन्न समूहों द्वारा विरोध प्रदर्शन जारी रखा गया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रिम्स और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अंतिम सूचना मिलने तक इस मामले में किसी अतिरिक्त घायल या गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी, जबकि प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story