मणिपुर में कांगपोकपी घटना के बाद कुकी-जो इलाके में भारी तनाव

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर में कांगपोकपी घटना के बाद कुकी-जो इलाके में भारी तनाव


इंफाल, 14 मई (हि.स.)। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में घात लगाकर किये गये हमले में चर्च से जुड़े तीन लोगों की मौत एवं चार लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद कुकी-जो बहुल इलाके में भारी विरोध जारी है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने गुरुवार काे आधिकारिक बयान में बताया कि 13 मई को कांगपोकपी जिले के न्यू कीथेलमानबी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत साहिबुंग गांव के पास से गुजर रहे दो वाहनों पर अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा बिना किसी उकसावे के की गई गोलीबारी में, तीन नागरिकों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

इस अपराध में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने आस-पास के इलाकों में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

इस घटना को लेकर प्रभावित इलाके में भारी विरोध एवं नाराजगी देखी जा रही है। कुकी-जो से जुड़े सबसे बड़े धार्मिक संगठन कुकी इनपी, मणिपुर ने चर्च से जुड़े लोगों पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे 'शांति पर ही हमला' किये जाने की बात कही है। कांगपोकपी में कुकी-ज़ो चर्च से जुड़े लोगों की हत्या के बाद ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। कुकी संगठनों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि, मणिपुर के कांगपोकपी में, घात लगाकर मारे गए लोगों के शव लेने के लिए हजारों लोग बीती रात जिला अस्पताल के बाहर जमा हो गये। पूरी रात लोग अस्पताल के बाहर एकत्र होकर प्रार्थना करते नजर आए। हत्या के विरोध में कुकी इनपी, मणिपुर ने कुकी-ज़ो बहुल इलाकों में 48 घंटे के बंद का ऐलान किया है।

घटना की जानकारी मिलते ही मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह बुधवार शाम शिजा अस्पताल पहुंचकर कांगपोकपी हमले के पीड़ितों से मुलाकात की और इस हमले की निंदा की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वहीं, मणिपुर की उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने कहा है कि तीन लोगों पर किया गया यह बर्बर हमला किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता, उन्होंने कांगपोकपी में हुई हत्याओं की कड़ी निंदा की है। थाडौ चर्च से जुड़े लोगों पर हुए क्रूर हमले के बाद मणिपुर के विधायकों ने न्याय की मांग की और सभी से शांति बनाए रखने की अपील की।

यूनाइटेड नागा काउंसिल ने थाडौ बैपटिस्ट एसोसिएशन के हमले की निंदा की और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस बीच कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया ने भी मणिपुर में बैपटिस्ट कार्यकर्ताओं की हत्या की कड़ी निंदा की है।

वहीं, इस घटना के लिए जेलियांग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट को कुकी इनपी ने जिम्मेदार ठहराया है। आरोपों के बीच जेलियांग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट ने कांगपोकपी हमले को लेकर कुकी इनपी द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया और इन दावों को 'बेबुनियाद' बताया।

मणिपुर में जारी हिंसा और तनाव के बीच कांगपोकपी की घटना ने एक बार फिर से लोगों के बीच विरोध की खाई को और बड़ा कर दिया है। हालांकि, पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गयी है। माना जा रहा है कि हमले में जान गंवाने वाले लोगों का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story