मणिपुर के कांगपोकपी में सशस्त्र हमला, तीन ग्रामीणों की मौत और चार घायल
इंफाल, 31 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर के कांगपोकपी जिले के एन तेइखांग कुकी गांव में सोमवार सुबह हुए कथित सशस्त्र हमले में तीन ग्रामीणों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। हमले के पीछे एनएससीएन-आईएम और जेडयूएफ-के के संदिग्ध कैडरों का हाथ होने का आरोप लगाया है।
बताया गया कि सुबह करीब 9.30 बजे टी वाइचोंग उपमंडल के अंतर्गत गांव में हथियारबंद लोगों ने कथित तौर पर ग्रामीणों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान कई घरों में आग लगाए जाने की भी सूचना है।
मृतकों की पहचान लामतिंथांग, नेइचिन और होइनेंग के रूप में हुई है। बताया गया है कि लामतिंथांग की गोली लगने से मौत हुई, जबकि नेइचिन टोंगपाओ की पत्नी और होइनेंग थांगगौलेन की पत्नी थीं।
घायलों में सेलुन और नेमनेइचोंग शामिल हैं। सेलुन की जांघ में गोली लगने की सूचना है। अन्य दो घायलों की पहचान और स्थिति की तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी है।
गोलीबारी और आगजनी के बाद कई ग्रामीणों ने इलाके से पलायन किया। घटना के बाद ट्विलांग-आईटी मार्ग से लगे गांवों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में हाल के दिनों में लगातार हिंसक घटनाओं के कारण सामान्य आवाजाही और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच प्रभावित हुई है।
ताजा घटना ने दूरदराज के गांवों में नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

