बीएसएफ महानिदेशक ने मणिपुर के मुख्यमंत्री से की मुलाकात, सुरक्षा स्थिति की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
बीएसएफ महानिदेशक ने मणिपुर के मुख्यमंत्री से की मुलाकात, सुरक्षा स्थिति की समीक्षा


इंफाल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने मंगलवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह से इंफाल के बाबूपारा स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में मुलाकात की। इस दौरान राज्य की मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक में बीएसएफ पूर्वी कमान के अतिरिक्त महानिदेशक सुमित शरण और बीएसएफ के महानिरीक्षक रवि कांत भी मौजूद थे। अधिकारियों ने राज्य में मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य, कानून-व्यवस्था, सीमा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। इस दौरान बीएसएफ के स्थापना दिवस की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

यह बैठक मणिपुर के तीन पहाड़ी जिलों में हाल में हुई गोलीबारी की घटनाओं और जातीय तनाव बढ़ने के बीच हुई। इन घटनाओं में नौ लोगों की मौत होने की खबर है, जिससे राज्य की सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए बीएसएफ के निरंतर प्रयासों तथा समर्पण की सराहना की। बैठक में उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने और राज्य में शांति बनाए रखने के लिए राज्य सरकार तथा सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story