मणिपुर के इंफाल हवाई अड्डे पर बीएसएफ के शहीद जवान को दी गयी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
मणिपुर के इंफाल हवाई अड्डे पर बीएसएफ के शहीद जवान को दी गयी श्रद्धांजलि


इंफाल, 11 अप्रैल (हि.स.)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 170वीं बटालियन की ए कंपनी के शहीद कांस्टेबल मिथुन मंडल को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार दोपहर बाद इंफाल हवाई अड्डे पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ एक 'पुष्पचक्र अर्पण समारोह' आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री समेत प्रमुख व्यक्तियों ने हवाई अड्डे पर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उल्लेखनीय है कि कांस्टेबल मिथुन मंडल ने शुक्रवार को मणिपुर के उखरुल जिले में ड्यूटी के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। मिजोरम एवं कछार बीएसएफ फ्रंटियर मु्ख्यालय, सिलचर से जारी बयान में शनिवार को बताया गया कि लितन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मोंगकोट चेपु गांव में तांगखुल नागा उपद्रवियों और कुकी उपद्रवियों के बीच हुई गोलीबारी के दौरान, 'रोड ओपनिंग पार्टी' (आरओपी) की ड्यूटी निभाते हुए कांस्टेबल मिथुन मंडल के बाएं कंधे में गोली लग गई। उन्हें तुरंत रिम्स इंफाल ले जाया गया, लेकिन चोटों के कारण उनका निधन हो गया और वहां मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें 'मृत अवस्था में लाया गया' घोषित कर दिया। उनका अनुकरणीय साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा बीएसएफ की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाती है।

श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन बीएसएफ मणिपुर के सेक्टर मुख्यालय ने किया था, जिसमें लगभग 200 बल के जवान, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य कर्मी शामिल हुए। इनके अलावा मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह, सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह और मणिपुर के डीजीपी राजीव सिंह, सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस अवसर पर शहीद को पुष्प चक्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई और बल द्वारा पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

इसके बाद वीर सपूत के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक निवास के लिए रवाना कर दिया गया। बीएसएफ दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ पूरी दृढ़ता से खड़ा है और इस क्षेत्र में शांति तथा सुरक्षा बनाए रखने के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराता है। मिथुन मंडल के बलिदान को सदैव सम्मान, गर्व और गहरी कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Share this story