भाजपा अध्यक्ष ने 82 देशों के राजनयिकों को उपहार में भेजे भारतीय आम

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा अध्यक्ष ने 82 देशों के राजनयिकों को उपहार में भेजे भारतीय आम


नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने यहां तैनात 82 देशों के राजनयिकों को बुधवार को उपहार स्वरूप भारतीय आम भिजवाए।

भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी डॉ विजय चौथाईवाले ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी की 'मन की बात' कार्यक्रम में आम के महत्व पर विचारों से प्रेरित होकर पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली में तैनात 82 देशों के मिशन प्रमुखों को भारतीय आम भिजवाए हैं।

मिशन प्रमुखों को भेजे गए उपहार में आम की चार प्रमुख किस्में— केसर, दशहरी, बंगनपल्ली और लंगड़ा शामिल हैं। इसके साथ एक व्यक्तिगत संदेश भी भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक आम अपने क्षेत्र की विशेष पहचान, स्वाद और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है। यह पहल भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को दर्शाती है और दुनिया के साथ भारतीय संस्कृति, सौहार्द और मिठास साझा करने का एक प्रयास है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story