ममता ने केंद्रीय फंड को पार्टी के काम के लिए इस्तेमाल कियाः धर्मेंद्र प्रधान

WhatsApp Channel Join Now
ममता ने केंद्रीय फंड को पार्टी के काम के लिए इस्तेमाल कियाः धर्मेंद्र प्रधान


कोलकाता, 7 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा शिक्षा और कल्याण योजनाओं के लिए दिए गए धन का दुरुपयोग किया है। उन्होंने राज्य की शिक्षा व्यवस्था में गिरावट का भी दावा किया।

धर्मेंद्र प्रधान ने कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मध्यान्ह भोजन, पाठ्य पुस्तकों और स्कूल ड्रेस के लिए दिए गए केंद्रीय धन को कथित रूप से पार्टी गतिविधियों में लगाया गया। उन्होंने कहा, “बंगाल की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया गया है।”

प्रधान ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार के साथ-साथ वाम मोर्चा के लंबे शासनकाल को भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद और रवींद्रनाथ टैगोर जैसी महान हस्तियों की विरासत वाले राज्य की स्थिति अब चिंताजनक हो गई है।

हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को निराधार बताया। पार्टी का कहना है कि केंद्र सरकार ने विभिन्न जनकल्याण योजनाओं के तहत राज्य के लगभग दो लाख करोड़ रुपये रोक रखे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया और कहा कि यह प्रक्रिया या तो ठप हो गई है या भ्रष्टाचार से प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि चुनाव का मुख्य मुद्दा भयमुक्त बंगाल, रोजगार के अवसर और महिलाओं की सुरक्षा होगा। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 04 मई को होगी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story