यूपी में नकली दवाओं के नेटवर्क पर एफएसडीए की बड़ी कार्रवाई, 7.57 करोड़ की दवाएं सीज और 24 एफआईआर दर्ज
अमरोहा-मुरादाबाद में एक ही नाम और पार्टनरशिप से संचालित हो रहीं 8 फर्मों के जरिए चल रहा था फर्जी बिलिंग और नकली दवाओं का कारोबार, तीन आरोपी गिरफ्तार
असली दवा कंपनियों के चर्चित ब्रांड की पैकिंग और लेबल की नकल कर बाजार में खपाई जा रहीं थीं नकली दवाएं, 45 फर्में और 90 व्यक्ति एफआईआर में नामजद
उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश तक फैले अवैध निर्माण नेटवर्क पर कार्रवाई, मुख्य निर्माण स्रोत और सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
लखनऊ, 20 नवंबर। उत्तर प्रदेश में नकली और काउंटरफिट दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई में एक के बाद एक नए खुलासे हो रहे हैं। नामचीन दवा कंपनियों के लोकप्रिय ब्रांड की पैकिंग और लेबल की नकल कर नकली दवाएं बाजार में उतारने वाले नेटवर्क ने प्रदेश के भीतर ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों तक अपना कारोबार फैला रखा था। उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) की जांच में सामने आया है कि इस अवैध कारोबार में फर्जी बिलिंग, कई औषधि लाइसेंस और एक ही नाम से संचालित अलग-अलग फर्मों का इस्तेमाल किया जा रहा था। विभागीय अभियान के तहत अब तक 7.57 करोड़ रुपये मूल्य की नकली एवं संदिग्ध औषधियां सीज की गई हैं, जबकि 24 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। इन मामलों में 45 फर्मों और 90 व्यक्तियों को नामजद किया गया है।
काउंटर-टू-काउंटर बिक्री के बजाय फर्जी बिलिंग से दवाओं का भंडारण और अवैध कारोबार
अमरोहा-मुरादाबाद में सामने आया मामला इस नेटवर्क के काम करने के तरीके को उजागर करता है। यहां एक ही नाम और पार्टनरशिप के तहत आठ औषधि फर्मों के लाइसेंस लेकर वास्तविक काउंटर-टू-काउंटर बिक्री के बजाय फर्जी बिलिंग के माध्यम से दवाओं का भंडारण और अवैध कारोबार किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, विभाग नकली दवाओं के मुख्य निर्माण स्रोत और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पड़ताल कर रहा है।
अमरोहा में नमूने की जांच से खुली नकली दवाओं की सप्लाई चेन
अमरोहा जनपद के चौधरपुर स्थित मैसर्स आरबी मेडिकल स्टोर से 12 जून 2026 को Moxyfeat-CV 625 टैबलेट्स का नमूना संग्रहित किया गया था। बैच नंबर TB250343C की इस दवा को राजकीय विश्लेषक, लखनऊ की प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया। जांच में नमूना नकली (Spurious) पाया गया। इसके बाद संबंधित दवा के वास्तविक निर्माता मैसर्स पोलिस्टर पावर इंडस्ट्रीज और मार्केटर मैसर्स हेल्थप्राइड से भी बैच की पुष्टि कराई गई। दोनों कंपनियों ने भी संबंधित बैच के नकली होने की पुष्टि की। इस पुष्टि के बाद यूपीएफएडीए ने दवा की सप्लाई चेन की विस्तृत जांच शुरू की। जांच आगे बढ़ी तो मुरादाबाद की मैसर्स जेड आर मेडिकल के माध्यम से मुरादाबाद और अमरोहा स्थित मैसर्स एरिबा फार्मास्युटिकल्स तक नेटवर्क के तार पहुंचे। विभागीय पड़ताल में सामने आया कि आरोपियों ने अमरोहा और मुरादाबाद में एक ही नाम और पार्टनरशिप के तहत आठ अलग-अलग औषधि फर्मों के लाइसेंस प्राप्त कर रखे थे। इन फर्मों का इस्तेमाल वास्तविक खुदरा बिक्री के बजाय फर्जी बिलिंग, नकली दवाओं के भंडारण और अवैध वितरण के लिए किया जा रहा था।
आसिफ से नकली दवा लेकर वितरित की गई, तीन गिरफ्तार
मुख्यालय के निर्देश पर किए गए औचक निरीक्षण में सामने आया कि मैसर्स एरिबा फार्मास्युटिकल्स के पार्टनर अमित कुमार ने आसिफ से नकली दवा प्राप्त कर उसका वितरण किया था। इस मामले में औषधि निरीक्षक की तहरीर पर थाना सिविल लाइंस, मुरादाबाद में अमित कुमार, आसिफ, वासिफ और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
पुलिस ने इस मामले में रविंदर, शिवम और आसिफ को गिरफ्तार किया है। फिलहाल नकली दवा के मुख्य निर्माण स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है। साथ ही, इस अवैध कारोबार में संलिप्त विक्रेताओं की फर्मों के औषधि लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
नामचीन कंपनियों के 30 से अधिक ब्रांड की पैकिंग और लेबल की नकल
विभागीय कार्रवाई में सामने आया है कि नकली दवाओं के कारोबार में स्थापित और बहुचर्चित दवा कंपनियों के ब्रांड की पैकिंग और लेबल की नकल कर दवाएं तैयार की जा रही थीं। जांच में जिन ब्रांडों की नकली अथवा काउंटरफिट दवाओं की पुष्टि हुई है, उनमें ग्लेनमार्क की टेल्मा, एबॉट की केनोकॉर्ट इंजेक्शन, एरिस्टो फार्मा की पैनटॉप 40, एल्केम की क्लैवम और पैन डी, ग्लैक्सो की ऑग्मेंटिन 625, मैनकाइंड की गुडसेफ, टोरेंट की शायमोरल फोर्ट, मैक्लोडड् की डेफकोर्ट-6, डॉ रेड्डीज की राजो- डी, सन फार्मा की रोसुवास, इंटास की लेवेरा 500, जाइडस की लिपाग्लिन और स्टैडमेड की अलकासोल सिरप शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रेगैबलिन कैप्सूल्स के ब्रांड प्रेसिज-300 (कनिका हेल्थकेयर, पंचकूला) और नेरूरो-300 (मेडविन फार्मास्युटिकल्स), सी-ए जेड (केल्टेक्स हेल्थकेयर, सिरमौर), ए-साइपेक्स-625 (एपेक्स फॉर्मूलेशन), क्लैविन 625 (एल्केम, सिक्किम), क्लेव-625, सेफ-200एल्बी और एल्केमॉक्स-सीवी (जीनैक फार्मा , उत्तराखंड), ओबेफिक्स एलबी-200 (स्कारर्वीटी फार्मास्युटिकल्स, चंडीगढ़), जेडी-200-एलबी (एवीपी फार्मा, गुवाहाटी), वी-क्लेव 625 (सबी फार्मास्युटिकल्स प्रा लि., गुवाहाटी) तथा जीरोडाल-एसपी (फाइल) के नकली या काउंटरफिट उत्पाद भी विभागीय कार्रवाई में सामने आए हैं।
इससे स्पष्ट है कि नकली दवाओं का कारोबार केवल किसी एक दवा या ब्रांड तक सीमित नहीं था, बल्कि एंटीबायोटिक, दर्द निवारक, गैस्ट्रिक और अन्य चिकित्सकीय उपयोग की दवाओं के नाम पर भी फर्जी उत्पाद बाजार में उतारे जा रहे थे।
छह जनपदों में 24 एफआईआर, 45 फर्में और 90 व्यक्ति नामजद
यूपीएफएसडीए की ओर से की गई कार्रवाई के अनुसार, नकली एवं काउंटरफिट औषधियों के अवैध निर्माण, भंडारण और खरीद-बिक्री के मामलों में अब तक कुल 24 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। इन मामलों में 45 फर्मों और 90 व्यक्तियों को नामजद किया गया है। जनपदवार दर्ज एफआईआर में आगरा में 9, लखनऊ में 9, वाराणसी में 2, तथा सहारनपुर, गोंडा, मेरठ और रायबरेली में 1-1 एफआईआर दर्ज की गई है। इन मामलों में अभियान के अंतर्गत अब तक 7.57 करोड़ रुपये मूल्य की औषधियां सीज की जा चुकी हैं। विभाग की कार्रवाई में प्रदेश के साथ-साथ दूसरे राज्यों में संचालित अवैध निर्माण इकाइयों का भी पता चला है।
चार राज्यों तक पहुंची जांच, अवैध निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई
जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के देवबंद में एक अवैध निर्माण इकाई पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा उत्तराखंड के देहरादून में दो, मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक और हिमाचल प्रदेश के सोलन में दो अवैध निर्माण इकाइयों पर कार्रवाई की गई है। विभाग अब इन इकाइयों से जुड़े सप्लायरों, फर्मों और अन्य कड़ियों की जांच कर रहा है।
कई एफआईआर में नामजद हैं सिंडिकेट के प्रमुख आरोपी
प्रदेश और अन्य राज्यों में सक्रिय ऐसे कई व्यक्ति सामने आए हैं, जिनके नाम एक से अधिक एफआईआर में दर्ज हैं। इनमें भूपेन्द्र शर्मा, विनीत कुमार, प्रेम मलिक, अरुण टुंडा उर्फ राजेन्द्र सिंह, राज विक्रम सिंह, संदीप श्रीवास्तव, अमन कसौधन, नारायण दास हंसराजनी, सन्नी कश्यप, अंकुर अग्रवाल, अभिषेक सिंह, हसीन, वसीम, मोनू, पंकज, सुनील माथुर और जयन सहित अन्य नाम शामिल हैं। इन आरोपियों के अलग-अलग मामलों में सामने आने से जांच एजेंसियां इनके आपसी संपर्क, दवा निर्माण, फर्जी बिलिंग, भंडारण और वितरण से जुड़ी कड़ियों की पड़ताल कर रही हैं।
मुख्य निर्माण स्रोत तक पहुंचने की कोशिश, लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई
यूपीएफएसडीए की जांच का अगला महत्वपूर्ण चरण नकली दवाओं के वास्तविक निर्माण स्रोत तक पहुंचना है। विभाग सप्लाई चेन में शामिल प्रत्येक स्तर की भूमिका की पड़ताल कर रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली दवाओं का निर्माण कहां हुआ, उनकी पैकिंग और लेबलिंग किसने की तथा उन्हें किन-किन फर्मों के माध्यम से बाजार में पहुंचाया गया। इसके साथ ही अवैध कारोबार में शामिल विक्रेताओं के औषधि लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
वर्जन
प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और प्रभावी दवाएं उपलब्ध कराना है। नकली दवाओं का कारोबार मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यूपीएफएसडीए का उद्देश्य केवल नकली दवाओं की जब्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क के मूल निर्माण स्रोत से लेकर सप्लाई चेन की अंतिम कड़ी तक पहुंचकर इसे समाप्त करना है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि प्रदेश के किसी भी मरीज तक नकली या अमानक दवा न पहुंचे।
- डॉ. रोशन जैकब, सचिव एवं आयुक्त, यूपीएफएसडीए

