मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर मध्यप्रदेश भवन में सजेगी सुरों की महफिल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से झलकेगी प्रदेश की समृद्ध विरासत

WhatsApp Channel Join Now
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर मध्यप्रदेश भवन में सजेगी सुरों की महफिल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से झलकेगी प्रदेश की समृद्ध विरासत


नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (हि.स.)।

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समारोह में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा और क्षेत्रीय खानपान की विविधता का आकर्षक संगम देखने को मिलेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे मध्यप्रदेश भवन के एट्रियम में लाइव वायलिन एवं तबला वादन से होगी। इसमें किरण कुमार बमनेरे, वायलिन तथा मनोज पाटीदार, तबला वादन की प्रस्तुति देंगे।

मध्यप्रदेश भवन की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थापना दिवस के अवसर पर शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रथम तल स्थित ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें सुप्रसिद्ध संगीत कलाकार अनिल कुमार जायसवाल और विपिन तिवारी सरोद-सितार की जुगलबंदी प्रस्तुत करेंगे। शास्त्रीय संगीत की इन प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रोताओं को भारतीय संगीत की मधुर और समृद्ध परंपरा का अनुभव प्राप्त होगा।

समारोह में मध्यप्रदेश के पारंपरिक खानपान का भी विशेष आकर्षण रहेगा। मध्यप्रदेश पर्यटन (एमपीटी) की कैंटीन में अतिथियों के लिए मालवा और निमाड़ की पारंपरिक थालियों की व्यवस्था की जाएगी। इन थालियों के माध्यम से प्रदेश के दोनों अंचलों के विशिष्ट व्यंजनों और विविध पाक परंपराओं का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के पश्चात स्वल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी। मध्यप्रदेश भवन द्वारा आयोजित यह समारोह राष्ट्रीय राजधानी में प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक खानपान को प्रदर्शित करने के साथ मध्यप्रदेश स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने का अवसर होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770274 Articles

Share this story