मप्र के विदिशा-धार में 1.19 करोड़ का 467 किलो गांजा जब्त, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के विदिशा-धार में 1.19 करोड़ का 467 किलो गांजा जब्त, दो गिरफ्तार


भोपाल, 10 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी एवं कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विदिशा और धार जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 467.328 किलोग्राम गांजा एवं गांजे के हरे पौधे जब्त किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 19 लाख 13 हजार रुपये है। दोनों मामलों में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार विदिशा जिले में पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत थाना करारिया चौराहा पुलिस ने ग्राम ब्योची में कार्रवाई कर 104.14 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 52 लाख रुपये है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर गांजा जब्त किया तथा एक आरोपित को गिरफ्तार किया। आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

धार में गांजे के हरे पौधे जब्त

जिले में पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना टाण्डा पुलिस ने ग्राम पुरा में कपास के खेत के बीच की जा रही गांजे की अवैध खेती का खुलासा किया। पुलिस टीम ने खेत से गांजे के 383 हरे पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 363.188 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत 67 लाख 13 हजार रुपये है। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर अपराध एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपित से गांजे की खेती के स्रोत, संभावित सप्लाई और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध निरंतर चलाए जा रहे अभियानों के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवैध खेती, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ मादक पदार्थों की खेती और सप्लाई नेटवर्क पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775081 Articles

Share this story