(संशोधित) मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आजमगढ़ में भाजपा पदाधिकारियों को दिया चुनावी जीत का मंत्र

(संशोधित) मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आजमगढ़ में भाजपा पदाधिकारियों को दिया चुनावी जीत का मंत्र
WhatsApp Channel Join Now
(संशोधित) मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आजमगढ़ में भाजपा पदाधिकारियों को दिया चुनावी जीत का मंत्र


आजमगढ़, 13 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भाजपा की क्लस्टर बैठक में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, लालगंज, घोसी, बलिया और सलेमपुर लोकसभा क्षेत्रों में चुनावी जीत का मंत्र दिया।

समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ जिले के मिरिया स्थित एक निजी स्कूल में आयोजित भाजपा की क्लस्टर बैठक में पांच लोकसभा क्षेत्रों के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। यह बैठक तीन सत्रों में हुई।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडियाकर्मियों से कहा कि भाजपा के अखिल भारतीय प्रवास के अंतर्गत आज पहली बार उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में प्रवास पर हूं। क्लस्टर बैठक में पार्टी पदाधिकारियों के साथ तीन अलग-अलग सत्रों में मौजूद रहा। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए हम लोग कृत संकल्पित हैं।

डॉ. यादव ने अपने को पार्टी का एक सामान्य कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने अलग-अलग नेताओं के लिए प्रवास तय किए हैं। उसी के क्रम में आजमगढ़ में आज हम लोग मौजूद हैं। लोकसभा क्षेत्र में लोकसभा प्रभारी, संयोजक से लेकर अन्य लोगों को जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका कुशलता के साथ निर्वहन हो रहा है।

उन्होंने कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद जो दृश्य बन रहा है, उससे विकास का नया प्रतिमान बन रहा है। पूरे देश के लगभग सौ करोड़ मतदाता यह तय कर चुके हैं तीसरी बार मोदी सरकार। तीसरी बार भी देश में भाजपा की सरकार बनेगी। सभी कार्यकर्ता अपने सांगठिनक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं और जैसे ही लोकसभा के चुनाव की घोषणा होगी, सभी कार्यकर्ता अपने उद्देश्यों की पूर्ति में लग जाएंगे।

आजमगढ़ में सपा के आधार वोट बैंक यादव वर्ग को तोड़ने के सवाल पर डॉ. यादव ने कहा कि वह पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता हैं। पार्टी उन्हें जहां-जहां भेजेगी, वे जाएंगे। इसी के तहत वे आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। इससे पहले विमान से एयरपोर्ट पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत किया। बैठक में राज्य के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ राजीव/दीपक/पवन

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story