लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री ने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन को जन्मदिन की दी शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री ने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन को जन्मदिन की दी शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने आज उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने एक्स पर पोस्ट कर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन को जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि संसदीय कार्यप्रणाली के प्रति आपकी प्रतिबद्धता और सार्वजनिक जीवन का सुदीर्घ अनुभव राष्ट्र के लिए महती उपयोगी है। उत्तम स्वास्थ्य, प्रफुल्लित जीवन और दीर्घायु की कामना करता हूं।

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उपराष्ट्रपति सी.पी. को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राधाकृष्णन संसदीय प्रक्रियाओं की उनकी गहन समझ और सार्वजनिक जीवन का व्यापक अनुभव विकसित भारत के लिए हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने में प्रचुर योगदान दे रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई देते हुए कहा कि प्रभु श्री राम की कृपा से आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर यश व ऊर्जा की प्राप्ति हो, यही प्रार्थना है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में आपकी शुचिता तथा उच्च संसदीय आदर्शों के प्रति आपका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। भगवान मुरुगन से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करती हूं।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उपराष्ट्रपति को बधाई देते हुए कहा कि संवैधानिक मूल्यों के प्रति आपकी निष्ठा और राष्ट्र निर्माण में आपका समर्पित योगदान हम सभी के लिए निरंतर प्रेरणास्रोत है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उपराष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विशेष अवसर आपके लिए अच्छा स्वास्थ्य, निरंतर ज्ञान और विशिष्टता के साथ राष्ट्र की सेवा करने के लिए नई शक्ति लाए।

साथ ही कई केंद्रीय मंत्रियों, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने बधाई दी। उन्होंने उपराष्ट्रपति के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story