तंबाकू की जगह वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने पर काम कर रही सरकारः कृषि मंत्री

WhatsApp Channel Join Now
तंबाकू की जगह वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने पर काम कर रही सरकारः कृषि मंत्री


नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि तंबाकू सेवन के विभिन्न तरीकों के कारण देश में हर साल करीब 13 लाख लोगों की मौत होती है। इसके कारण सरकार तंबाकू की खेती के स्थान पर वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है।

कृषि मंत्री ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान घोषी से समाजवादी पार्टी के सदस्य राजीव राय के प्रश्न के उत्तर में स्पष्ट किया कि सरकार ने किसानों से तंबाकू की खेती छोड़ने के लिए नहीं कहा है, बल्कि उनके लिए विकल्प तैयार किए हैं। उन्होंने कहा कि किन-किन इलाकों में तंबाकू की जगह कौन-कौन सी फसलें पैदा की जा सकती हैं, इसका भी अध्ययन किया गया है। इनमें हाइब्रिड मक्का, मिर्च, शकरकंद, कपास, आलू, चिया, फीडबीन, लोबिया, रागी, मूंगफली, सोयाबीन और ज्वार जैसी फसलें शामिल हैं।

शिवराज ने कहा कि छोटे किसानों के लिए एकीकृत खेती मॉडल पर काम किया जा रहा है। छोटे किसान केवल एक फसल पर निर्भर न रहें, बल्कि चावल, सब्जियां, दलहन, पशुपालन, मछली पालन और मधुमक्खी पालन जैसे विविध क्षेत्रों में ध्यान दें। इसके लिए कई जगहों पर डेमोंस्ट्रेशन भी किए जा रहे हैं ताकि छोटे किसानों की खेती लाभकारी व्यवसाय बन सके।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story