एलपीयू में छात्राओं पर लाठीचार्ज को लेकर भाजपा ने मांगा केजरीवाल और भगवंत मान से जवाब

WhatsApp Channel Join Now
एलपीयू में छात्राओं पर लाठीचार्ज को लेकर भाजपा ने मांगा केजरीवाल और भगवंत मान से जवाब


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर निशाना साधा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया सह-संयोजक प्रदीप भंडारी ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने प्रदर्शन के दौरान छात्राओं और युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया।

भंडारी ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ बाहरी लोगों ने परिसर में प्रवेश कर माहौल बिगाड़ने और आगजनी का प्रयास किया।

भंडारी ने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों ने प्रदर्शन को प्रभावित कर आगजनी का प्रयास किया और पुलिस ने उन पर कार्रवाई करने के बजाय छात्रों पर बल प्रयोग किया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने इसे विपक्ष के बड़े षड्यंत्र और टूलकिट का हिस्सा बताते हुए कहा कि युवाओं के मुद्दों को भटकाने के लिए माहौल खराब किया जा रहा है। प्रदीप भंडारी ने अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान और राहुल गांधी से छात्रों पर कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा। प्रदीप भंडारी ने कहा कि विपक्ष देश के अंदर एक बड़े षड्यंत्र का प्रयास कर रहा है। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में पंजाब की आम आदमी पार्टी की पुलिस महिला छात्राओं पर लाठीचार्ज कर रही है। इसके साथ ही, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के निर्देश पर महिला छात्राओं को कॉलर से पकड़कर उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। सबूत और छात्रों की सामने आई गवाही यह बताती है कि आम आदमी पार्टी के गुंडों ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के अंदर घुसने का प्रयास किया। आप ने अपने गुंडे भेजे, जिन्होंने छात्रों के प्रदर्शन को हाइजैक करने का प्रयास किया। लेकिन पंजाब की आम आदमी पार्टी की पुलिस उन लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय महिला छात्रों और पंजाब के युवाओं पर लाठीचार्ज कर रही है।

तस्वीर दिखाते हुए प्रदीप भंडारी ने कहा कि पंजाब पुलिस का एक अधिकारी अरविंद केजरीवाल के कहने पर महिला छात्रों को कॉलर से पकड़ रहा है और साथ ही आगजनी का प्रयास भी होता दिखाई दे रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि देशभर में कांग्रेस पार्टी और विपक्ष माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। इसका उदाहरण पंजाब में आम आदमी पार्टी के निर्देश पर पंजाब के युवाओं और छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज से देखा जा सकता है। यह सिर्फ देश के युवाओं को भड़काने का प्रयास नहीं है, बल्कि इनका मकसद सड़कों के माध्यम से देश के लोकतंत्र पर हमला करना है

भाजपा प्रवक्ता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल से घटना को लेकर जवाब मांगा। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदर्शन के दौरान बाहरी लोगों के प्रवेश और कथित आगजनी की कोशिश को लेकर सरकार की क्या भूमिका थी।

भंडारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए सवाल किया कि वे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया क्यों नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल युवाओं के मुद्दों को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल कर रहे हैं।

प्रदीप भंडारी ने पंजाब के अलावा कर्नाटक और तेलंगाना में युवाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों की सरकारों वाले राज्यों में युवाओं के आंदोलनों का जवाब पुलिस कार्रवाई से दिया जा रहा है।

भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम को विपक्ष की कथित राजनीतिक रणनीति से जोड़ते हुए कई सवाल उठाए हैं। पार्टी ने पंजाब सरकार से कानून-व्यवस्था, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और प्रदर्शन के दौरान कथित बाहरी लोगों की मौजूदगी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story