एलपीयू जालंधर के छात्रों ने अमृतसर-दिल्ली मार्ग किया जाम, वाहन फूंके

WhatsApp Channel Join Now

- विवि परिसर में जमकर मचाई तोड़फोड़, पुलिस ने जांच के लिए गठित की एसआईटी

चंडीगढ़, 27 सितंबर (हि.स.)। पंजाब के जालंधर में भाजपा के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल की लवली प्रोफेशन यूनिवर्सिटी में शनिवार रात से शुरू हुआ छात्रों का हंगामा रविवार को भी जारी रहा। विवि परिसर में तोड़फोड़ पर कई वाहनों को आग लगाने के बाद रविवार को गुस्साए छात्रों ने अमृतसर-दिल्ली मार्ग जाम कर दिया।

यूनिवर्सिटी की एक छात्रा से रेप के बाद उसके आत्महत्या करने का मैसेज सोशल मीडिया पर शनिवार रात वायरल होने के बाद हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ की और एक हिस्से में आग लगा दी। इसके बाद आज दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना देकर ट्रैफिक जाम कर दिया। पुलिस ने पहले कहा कि जांच में रेप का कोई मामला सामने नहीं आया है। मामला बढ़ता देख एफआईआर दर्ज की गई।

शनिवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हुए मैसेज में दावा किया गया कि किसी बाहरी व्यक्ति ने गर्ल्स हॉस्टल में घुसकर एक छात्रा के साथ रेप किया है। मैसेज वायरल होते ही छात्रों का गुस्सा भड़क गया। प्रदर्शनकारी छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट की ओर बढ़े और वहां तोड़फोड़ की। मुख्य गेट से बाहर निकलकर छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना दे दिया। इससे हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने विशेष जांच टीम गठित की है। इस टीम में फगवाड़ा के एसपी मेजर सिंह, डीएसपी पलविंदर सिंह, एक महिला पुलिस इंस्पेक्टर और छात्रों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। एसआईटी पूरे मामले की जांच करेगी और आरोपों की सत्यता का पता लगाएगी।

दूसरी ओर, यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार मोनिका गुलाटी की ओर से रेप के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए स्टूडेंट्स से अपील की गई है कि वे अफवाह पर ध्यान न दें। यूनिवसिर्टी प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों को झूठा, बेबुनियाद और मनगढ़ंत बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story