राजीव गांधी का पत्र साझा कर राहुल बोले- पिता ने हर जीव के साथ प्रेम व सम्मान से पेश आना सिखाया

WhatsApp Channel Join Now
राजीव गांधी का पत्र साझा कर राहुल बोले- पिता ने हर जीव के साथ प्रेम व सम्मान से पेश आना सिखाया


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपने दिवंगत पिता एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का 36 साल पुराना पत्र सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने उन्हें हर जीव के साथ प्रेम और सम्मान से पेश आना सिखाया है। इस पत्र को साझा करने से दो घंटे पहले राहुल गांधी ने एक अन्य वीडियो पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बहस की चुनौती भी दी थी।

राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 7 फरवरी 1990 को राजीव गांधी की ओर से किशोर आजवानी को लिखे पत्र की तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा, “यह मेरे पिता की दी गई सीख की अच्छी झलक है कि हर जीव के साथ प्रेम और सम्मान से व्यवहार करना चाहिए।”

राजीव गांधी ने पत्र में लिखा था कि जिन लोगों ने किशोर आजवानी का पत्र पढ़कर उन्हें भेजा, उनमें से किसी ने भी उनका मजाक नहीं उड़ाया। उन्होंने भी व्यक्तिगत रूप से पत्र पढ़ने के बाद ऐसा नहीं किया। राजीव गांधी ने लिखा कि किसी का समय इतना कीमती नहीं हो सकता कि वह शुभकामनाओं और सहानुभूति के लिए समय न निकाल सके। जिस व्यक्ति के मन में सहानुभूति और सद्भावना हो और उसे व्यक्त करने के लिए लिखने का साहस भी हो, वह कभी महत्वहीन नहीं हो सकता।

पत्र साझा करने से दो घंटे पहले राहुल ने एक अन्य पोस्ट में वीडियो साझा कर प्रधानमंत्री मोदी को बहस की चुनौती दी थी। वीडियो में उन्होंने कहा कि वह लगातार कह रहे हैं कि यदि प्रधानमंत्री उनसे बहस करने आते हैं तो उनका राजनीतिक करियर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। प्रधानमंत्री भी यह बात जानते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उन्हें बार-बार देश विरोधी कहते हैं। वह देश को दिखाना चाहते हैं कि वास्तविकता में देश विरोधी कौन है और कौन किसके नियंत्रण में है। राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अब उन पर टिप्पणी नहीं कर रहे हैं और न ही पहले की तरह हमले कर रहे हैं। प्रधानमंत्री बहुत सावधानी बरत रहे हैं और इसके पीछे एक बड़ा कारण है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776417 Articles

Share this story