माटी कला के लाइव डेमो से लेकर आकर्षक छूट तक, दर्शकों को लुभा रहा झारखंड पवेलियन

WhatsApp Channel Join Now
माटी कला के लाइव डेमो से लेकर आकर्षक छूट तक, दर्शकों को लुभा रहा झारखंड पवेलियन


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) में झारखंड पवेलियन में माटी कला बोर्ड द्वारा मिट्टी के बर्तन बनाने की लाइव डेमो प्रस्तुति लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। चाक पर मिट्टी को आकार देकर पारंपरिक तकनीक से सुंदर कलाकृतियां तैयार करते कारीगरों को देख दर्शक इस कला को करीब से समझने और जानने में रुचि दिखा रहे हैं।

इस अवसर पर हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प विभाग की निदेशक प्रीति रानी ने मिट्टी के बर्तन बनाने की लाइव डेमो प्रस्तुति में हिस्सा लिया। उन्होंने स्वयं चाक पर मिट्टी को आकार देकर झारखंड की पारंपरिक माटी कला का अनुभव किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की मिट्टी में यहां की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय कारीगरों की रचनात्मकता की अनूठी पहचान समाहित है। माटी कला केवल एक शिल्प नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक आजीविका का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस तरह के लाइव डेमो से लोगों को स्थानीय कलाकारों की मेहनत और हुनर को करीब से जानने का अवसर मिलता है।

मेले के समापन के करीब पहुंचने के साथ ही झारखंड पवेलियन के विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष छूट भी दी जा रही है। कई स्टॉलों पर चयनित उत्पादों की खरीद पर 20 से 30 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध है। इससे आगंतुक झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और कलात्मक वस्तुओं की खरीदारी आकर्षक कीमतों पर कर सकते हैं।

झारखंड पवेलियन में कला, संस्कृति, पारंपरिक हुनर और किफायती खरीदारी का यह संगम मेले के अंतिम दिनों में भी आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story