गणतंत्र दिवस पर अमित शाह व अन्य ने दीं शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
गणतंत्र दिवस पर अमित शाह व अन्य ने दीं शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 26 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सभी और संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों व स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी स्वाधीनता सेनानियों और मजबूत लोकतंत्र की नींव रखने वाले संविधान निर्माताओं को नमन है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संवैधानिक मूल्यों को और सशक्त बनाते हुए ‘विकसित भारत’ बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

सड़क परिवहन एवं राजमार्गमंत्री नितिन गडकरी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय पर्व पर हमें महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का स्मरण करना चाहिए और अपने संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रतिज्ञा करनी चाहिए।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज हम संविधान में अपने विश्वास को पुनः दृढ़ करते हैं, जो हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था, एकता और राष्ट्रीय चरित्र को परिभाषित करता है। उन्होंने गणतंत्र के निर्माण में योगदान देने वाले दूरदर्शी नेताओं को सम्मान और देश की रक्षा में लगे वीर जवानों के साहस व बलिदान को सलाम किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गणतंत्र दिवस को स्वतंत्रता सेनानियों के अमर बलिदान, संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि और सशस्त्र बलों के अदम्य साहस को नमन करने का पावन अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि संविधान हर भारतीय का सबसे बड़ा हथियार है और यही हमारे अधिकारों का सुरक्षा-कवच है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संविधान की रक्षा ही भारतीय गणतंत्र की रक्षा है और समानता व सौहार्द से ही गणतंत्र सशक्त होगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह अवसर संविधान और उसके मूल्यों के प्रति निष्ठा दोहराने की प्रेरणा देता है तथा भारत की असली शक्ति उसकी विविधता और लोकतांत्रिक एकता में निहित है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने और देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story