दिल्ली के स्कूलों व उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘एहसास’ नीति का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली के स्कूलों व उच्च शिक्षण संस्थानों में ‘एहसास’ नीति का शुभारंभ


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए ‘एहसास 2026’ नाम की ‘मेंटल हेल्थ एंड वेल-बीइंग पॉलिसी’ लॉन्च की। इस नीति का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना, विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को इस विषय पर खुलकर संवाद करने तथा मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर सहित हजारों लोग उपस्थित रहे।

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक खुशहाली को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाना आज की जरूरत है। युवाओं में बढ़ते तनाव के बीच दिल्ली सरकार की यह पहल समयानुकूल और सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे की भावनाएं, आकांक्षाएं और जरूरतें महत्वपूर्ण हैं तथा उसकी पृष्ठभूमि, क्षमता या परिस्थितियों के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। दिव्यांग और वंचित समुदायों के बच्चों को समान अवसर, स्वीकार्यता और सहयोग मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य की जिम्मेदारी विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन की भी है। बच्चों की भावनाओं को समझना, संवेदनशीलता से सुनना और जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि करुणा, परस्पर सम्मान और अपनेपन से बच्चों में आत्मविश्वास और मानसिक खुशहाली विकसित होती है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार अपने विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और समग्र कल्याण को ध्यान में रखते हुए ‘एहसास’ नाम से मेंटल हेल्थ एंड वेल-बीइंग पॉलिसी लेकर आई है। यह नीति दिल्ली के स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू होगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के जीवन के विभिन्न पड़ावों और मानसिक अवस्थाओं में उन्हें निरंतर सहयोग एवं संबल प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एहसास’ के माध्यम से दिल्ली के स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले लाखों विद्यार्थियों को मानसिक और भावनात्मक मजबूती के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। दिल्ली सरकार का प्रयास है कि राज्य का प्रत्येक बच्चा खुशी, सकारात्मकता और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़े तथा उसकी हर चुनौती में सरकार, शिक्षक और अभिभावक उसके साथ खड़े रहें।

मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण पहल को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के इस प्रयास में शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मंत्री आशीष सूद ने कहा कि ‘एहसास 2026’ नीति बच्चों की भावनात्मक जरूरतों को समझने, उनकी बात सुनने और उचित सहयोग देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने नीति निर्माण में गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर, आर्ट ऑफ लिविंग, यूनेस्को, इहबास और विशेषज्ञ संस्थाओं का आभार जताया। नीति के तहत शिक्षकों, अभिभावकों, प्रिंसिपल, ईवीजीसी, अधिकारियों, ड्राइवरों, आया और अन्य सहयोगी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि बच्चों के व्यवहार में बदलाव समय रहते पहचानकर उन्हें संवेदनशील सहयोग मिल सके।

श्रीश्री रविशंकर ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक मजबूती की आधार रही है। उन्होंने ‘एहसास’ नीति के लिए दिल्ली सरकार को बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों और समाज के बीच मानसिक स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण संवाद स्थापित करेगी।

दिल्ली सरकार की ‘एहसास’ नीति के तहत शिक्षण संस्थानों को केवल किताबी ज्ञान, परीक्षा और अंकों तक सीमित न रखकर सुरक्षित, संवेदनशील और सहयोगपूर्ण वातावरण के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां विद्यार्थी अपनी भावनाएं व्यक्त कर सकें, चुनौतियों से निपटना सीखें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।

‘एहसास’ नीति चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है। पहला, होल-इंस्टीट्यूशन अप्रोच के तहत मानसिक स्वास्थ्य को पूरे संस्थान की कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों, फैकल्टी, संस्थान प्रमुख, हॉस्टल स्टाफ और अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

दूसरा, प्रोएक्टिव एवं प्रिवेंटिव केयर के जरिए मानसिक समस्याओं के शुरुआती संकेतों की पहचान, सामाजिक-भावनात्मक और जीवन कौशल तथा मानसिक मजबूती विकसित करने पर जोर होगा। तीसरा, सिस्टम स्तर पर जवाबदेही एवं गवर्नेंस के तहत संस्थानों में जिम्मेदारियां तय करने, कर्मचारियों के प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और संस्थागत नेतृत्व की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। चौथा, नैतिक सुरक्षा एवं अधिकार आधारित सहायता के तहत विद्यार्थियों की गरिमा, निजता और गोपनीयता का ध्यान रखते हुए नाबालिगों के लिए आयु-अनुरूप सहमति और वयस्क विद्यार्थियों की स्वायत्तता का सम्मान किया जाएगा।

‘एहसास’ नीति के तहत स्कूलों में प्रशिक्षित काउंसलिंग व्यवस्था मजबूत करते हुए प्रत्येक स्कूल में काउंसलर नियुक्त करने और 1500 काउंसलर-विद्यार्थी अनुपात सुनिश्चित करने का प्रावधान है। बड़े स्कूलों में अलग-अलग शैक्षणिक स्तरों के लिए अतिरिक्त काउंसलर भी नियुक्त किए जा सकेंगे। काउंसलर विद्यार्थियों की भावनात्मक एवं मनोसामाजिक समस्याओं की पहचान, शुरुआती सहयोग, काउंसलिंग और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ सहायता उपलब्ध कराने में भूमिका निभाएंगे। उन्हें प्रशासनिक और अनुशासनात्मक कार्यों से अलग रखा जाएगा। स्कूल वेल-बीइंग कमेटी और स्कूल वेलनेस टीम मानसिक स्वास्थ्य गतिविधियों का समन्वय करेंगी, जबकि शिक्षकों व स्टाफ को तनाव और व्यवहार में बदलाव के शुरुआती संकेत पहचानने का प्रशिक्षण मिलेगा। दिल्ली सरकार के स्कूलों में वर्तमान में 540 एजुकेशनल एंड वोकेशनल गाइडेंस काउंसलर्स (348 नियमित और 192 गेस्ट) मनोवैज्ञानिक, भावनात्मक, व्यक्तिगत, शैक्षणिक एवं करियर मार्गदर्शन दे रहे हैं। इसके अलावा 500 से अधिक टीचर-काउंसलर भी विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और जागरूकता गतिविधियों में योगदान दे रहे हैं।

‘एहसास’ नीति के तहत परीक्षा का दबाव, शैक्षणिक तनाव, एंग्जायटी, अवसाद, आपसी संबंधों और डिजिटल व्यवहार से जुड़ी चुनौतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बोर्ड और प्रवेश परीक्षाओं के दबाव से जूझ रहे विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं सहयोग मिलेगा। बुलिंग, पहचान आधारित भेदभाव और साइबर बुलिंग की शिकायतों के लिए गोपनीय व्यवस्था, समयबद्ध कार्रवाई और शिकायतकर्ताओं को प्रताड़ना से सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story