केंद्रीय मंत्री ललन सिंह बुधवार को देश की 42 पंचायतों को 'राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार' से करेंगे सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह बुधवार को देश की 42 पंचायतों को 'राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार' से करेंगे सम्मानित


नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। केंद्रीय पंचायती राज एवं मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह बुधवार को यहां आयोजित राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2025 समारोह में देशभर की 42 उत्कृष्ट पंचायतों को सम्मानित करेंगे। समारोह में केंद्रीय पंचायती राज राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल भी उपस्थित रहेंगे।

पंचायती राज मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2025 के अंतर्गत शेष श्रेणियों के पुरस्कार 3 जून को प्रदान किए जाएंगे। इनमें 34 ग्राम पंचायतों को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार तथा आठ पंचायतों को नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पंचायती राज संस्थानों के निर्वाचित प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

मंत्रालय के अनुसार इससे पहले 24 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2025 की तीन विशेष श्रेणियों के पुरस्कार प्रदान किए थे। बुधवार को आयोजित होने वाले समारोह में शेष श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार प्राप्त पंचायतों के कार्यों और उनकी उत्कृष्ट पहलों पर आधारित एक ई-पुस्तक तथा देशभर में पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर एक संकलन भी जारी किया जाएगा। समारोह से पहले दो विशेष सत्र आयोजित होंगे, जिनमें सम्मानित पंचायतों के प्रतिनिधि अपने नवाचारों, उपलब्धियों और विकास संबंधी सर्वोत्तम कार्यों की प्रस्तुति देंगे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story