सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने लद्दाख में 'फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स' की ऑपरेशनल तैयारियों का लिया जायजा
लद्दाख, 27 जून (हि.स.)। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को लद्दाख में फायर एंड फ्यूरी कोर मुख्यालय का दौरा कर परिचालन तैयारियों, युद्धक क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सैनिकों से उभरती सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए सतर्क, चुस्त और मिशन के प्रति पूरी तरह तैयार रहने का आह्वान किया।
सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (एडीजीपीआई) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दी गई जानकारी में बताया कि लेह स्थित फायर एंड फ्यूरी कोर मुख्यालय में सेना प्रमुख को क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, परिचालन तैयारियों, युद्ध तत्परता, बुनियादी ढांचे के विकास तथा निगरानी, गतिशीलता और एकीकृत परिचालन क्षमताओं को सुदृढ़ करने के लिए चल रही विभिन्न पहलों की जानकारी दी गई।
समीक्षा के दौरान जनरल द्विवेदी ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में तैनात सैनिकों की पेशेवर दक्षता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी जवानों ने उच्च स्तर की परिचालन क्षमता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।
एडीजीपीआई के अनुसार, सेना प्रमुख ने सभी अधिकारियों और जवानों से मिशन पर केंद्रित रहने, परिचालन के दौरान सतर्कता बनाए रखने तथा बदलती सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए हर समय तैयार रहने का आह्वान किया।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

