केवीएस-एनवीएस भर्ती परीक्षा के टियर-II के दूसरे चरण के नतीजे घोषित

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) में विभिन्न शिक्षण एवं गैर-शिक्षण पदों के लिए आयोजित टियर-II भर्ती परीक्षा के परिणाम के दूसरे चरण की मंगलवार को घोषणा कर दी।

सीबीएसई के अनुसार, दूसरे चरण में पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (पीजीटी) के आठ पदों और ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (टीजीटी) के 13 पदों के परिणाम घोषित किए गए हैं। इसके अलावा सहायक अभियंता (सिविल), प्रशासनिक अधिकारी और मल्टी-टास्किंग स्टाफ सहित तीन गैर-शिक्षण पदों के परिणाम भी जारी किए गए हैं।

पीजीटी श्रेणी में असमिया, उर्दू, बांग्ला, गारो, बायो-टेक्नोलॉजी, मणिपुरी, तमिल और तेलुगु विषय शामिल हैं। वहीं टीजीटी में मराठी, तेलुगु, असमिया, मणिपुरी, उर्दू, बांग्ला, नेपाली, गुजराती, उड़िया, कन्नड़, पंजाबी, मलयालम और तमिल के परिणाम घोषित किए गए हैं।

सीबीएसई ने बताया कि अभ्यर्थी अपने आवेदन पोर्टल पर लॉगिन कर संबंधित पद के लिए अपना परिणाम और शॉर्टलिस्टिंग स्टेटस देख सकते हैं। जिन पदों के चयन में साक्षात्कार शामिल है, उनके लिए इस चरण का परिणाम साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किए जाने की स्थिति दर्शाता है। अंतिम परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को 15 दिनों के भीतर अंकतालिका उपलब्ध कराई जाएगी।

जिन पदों की चयन प्रक्रिया में साक्षात्कार शामिल नहीं है, उनके लिए टियर-II के अंक परिणाम की घोषणा के साथ संबंधित अभ्यर्थी के लॉगिन में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जहां भर्ती अधिसूचना के अनुसार अभ्यर्थियों को पद या संगठन के लिए वरीयता देनी है, वे निर्धारित अवधि में आवेदन पोर्टल के माध्यम से अपनी पसंद दर्ज कर सकेंगे।

सीबीएसई ने कहा कि साक्षात्कार या कौशल परीक्षा वाले पदों के लिए कार्यक्रम और कॉल लेटर, केवीएस/एनवीएस के परामर्श से कार्यक्रम अंतिम रूप दिए जाने के बाद अभ्यर्थियों के लॉगिन में उपलब्ध कराए जाएंगे। शेष पदों के परिणाम भी अंतिम रूप दिए जा रहे हैं और चरणबद्ध तरीके से घोषित किए जाएंगे।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से संबंधित आगे की जानकारी के लिए सीबीएसई, केवीएस और एनवीएस की आधिकारिक वेबसाइटों तथा अपने आवेदन पोर्टल पर नियमित रूप से नजर रखने की सलाह दी है। ईएमआरएस टियर-II भर्ती परीक्षा के परिणाम अलग से आधिकारिक ईएमआरएस/एनईएसटी वेबसाइट के माध्यम से घोषित किए जाएंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story