(अपडेट) उप्र के कुशीनगर में वैन और ट्रेलर की टक्कर, छह की मौत, दो गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) उप्र के कुशीनगर में वैन और ट्रेलर की टक्कर, छह की मौत, दो गंभीर


कुशीनगर, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा हाटा कोतवाली क्षेत्र के हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ, जहां वैन और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद अपने परिवार और परिचितों के साथ देवराज पिपरा में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग देर रात वैन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान थरुआडीह के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से वैन की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे के बाद वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना में वैन चालक मिथिलेश गुप्ता समेत छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में चालक के अलावा मृदुल मिश्रा, रंजन कुमार, राममिलन, रामविलास और कन्हैया प्रसाद शामिल हैं। वहीं, हादसे में घायल आर्यन और आयुष की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एएसपी ने बताया कि घटना के बाद से ट्रेलर का चालक फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस ने सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770871 Articles

Share this story