बेंगलुरूः असम के रहने वाले 4 मजदूरों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

WhatsApp Channel Join Now
बेंगलुरूः असम के रहने वाले 4 मजदूरों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत


बेंगलुरु, 31 जनवरी (हि.स.)। बेंगलुरु ग्रामीण जिले के होसकोटे तालुक के मुत्संद्रा गांव में चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कोकाकोला कंपनी के वेयरहाउस में काम करने वाले असम निवासी चार श्रमिक शेड में मृत अवस्था में पाए गए।

मृतकों की पहचान जयंत सिंधे (25), नरेंद्रनाथ (24), डॉक्टर टाइड (25) और धनंजय टाइड (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों मजदूर रात के समय शेड के दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह बंद कर खाना बना रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि सुबह के समय दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आने पर सहकर्मियों ने उन्हें आवाज़ दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद जब शेड के अंदर जाकर देखा गया तो चारों मजदूर मृत पाए गए। तुरंत ही पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सुलीबेले पुलिस थाने के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Share this story