कर्नाटक में बारिश का कहर, छह लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कर्नाटक में बारिश का कहर, छह लोगों की मौत


बेंगलुरु, 15 मई (हि.स.)। कर्नाटक के विभिन्न जिलों में गुरुवार देर रात हुई भारी बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। विजयपुर और दावणगेरे समेत कई जिलों में भारी नुकसान हुआ है। मकान ढह गए। पेड़ और बिजली के खंभे उखड़कर गिर पड़े। बारिश से जुड़े हादसों में राज्यभर में कुल छह लोगों की मौत हो गई।

विजयपुर जिले के आलमेल तालुक के मोरगटी गांव में तेज बारिश और आंधी के कारण एक मकान की छत और दीवार ढह गई, जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गुरुनाथ बडिगेर (35), उनकी पत्नी ज्योति बडिगेर (28), बेटी कालम्मा (13) और दूसरी बेटी कीर्ति (9) के रूप में हुई है। विजयपुर जिले के मुद्देबिहाल तालुक के बिदरकुंदी गांव में तेज आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ गिरने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। दावणगेरे जिले के जरेकट्टे गांव में खेत में भेड़ चरा रहे युवक अजीत (19) की बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।

रातभर हुई बारिश से राज्य के कई हिस्सों में भारी नुकसान हुआ है। बेलगावी जिले के खानापुर तालुक के भूरणकी गांव में एक स्कूल की छत उड़ गई। अथणी तालुक के संबरगी गांव में पांच मकानों की छतें गिरने से अनाज और घरेलू सामान नष्ट हो गया। हावेरी जिले के इजारिलकमापुर में घुमंतू समुदाय की झोपड़ियां तेज हवा में उड़ गईं। चिक्कमगलूर-श्रृंगेरी राज्य राजमार्ग पर विशाल पेड़ गिरने से कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल और होन्नावर क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। बेंगलुरु शहरी और ग्रामीण, चित्रदुर्ग, कोलार और चिक्कबल्लापुर समेत दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है। तटीय और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश जारी रहने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Share this story