मानव सेवा ही सच्ची आध्यात्मिकता है : राजनाथ सिंह

WhatsApp Channel Join Now
मानव सेवा ही सच्ची आध्यात्मिकता है : राजनाथ सिंह


बेंगलुरु, 27 नवंबर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सच्ची आध्यात्मिकता केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की सेवा करना ही वास्तविक आध्यात्मिकता है।

राजनाथ सिंह शुक्रवार को बेंगलुरु में बीजीएस एवं एसजेबी समूह के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि श्रीआदिचुंचनगिरि मठ शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। मठ के प्रयासों से हजारों लोगों के जीवन में आशा और सहयोग का संचार हो रहा है। मठ के कार्य 'मानव सेवा ही ईश्वर की सेवा है' की भावना को साकार करते हैं।

उन्होंने कहा कि आध्यात्मिकता हमें स्वयं को समझने, अपने मूल्यों के प्रति दृढ़ रहने और बेहतर इंसान बनने में मदद करती है। यह हमें अपनी जिम्मेदारियों से दूर नहीं करती बल्कि उन्हें अधिक उद्देश्यपूर्ण और संवेदनशील तरीके से निभाने की प्रेरणा देती है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार अधिक सुलभ और किफायती बन रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, सस्ती दवाओं की उपलब्धता, नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और बेहतर उपचार सुविधाओं के विकास से आम लोगों को लाभ मिल रहा है। आयुष्मान भारत और जन औषधि केंद्रों जैसी पहलों के माध्यम से देशभर में करोड़ों लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि भारत अब उन्नत स्वास्थ्य तकनीकों को अपनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका स्वदेशी विकास भी कर रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं, एमआरआई मशीनों और किफायती सीएआर-टी सेल थेरेपी जैसे क्षेत्रों में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इससे वैश्विक स्वास्थ्य क्षेत्र के भविष्य को आकार देने की भारत की क्षमता मजबूत हो रही है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा की भारत की समृद्ध परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है। आयुष व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ जामनगर में विश्व स्वास्थ्य संगठन का पारंपरिक चिकित्सा वैश्विक केंद्र स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से भारत अपने प्राचीन चिकित्सा ज्ञान को पूरी दुनिया तक पहुंचा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story