कर्नाटक के बेलगावी में 10 से 12 जुलाई तक होगी संघ की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक, आज पहुंचेंगे सरसंघचालक मोहन भागवत
बेलगावी, 06 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत आज शाम कर्नाटक के बेलगावी पहुंचेंगे। उनके आगमन के साथ ही संघ की वार्षिक अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच जाएंगी। 10 से 12 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में देशभर के वरिष्ठ प्रचारकों के साथ संघ से प्रेरित विभिन्न संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में संगठन के विस्तार, शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों तथा विभिन्न समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर व्यापक मंथन किया जाएगा।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, युगाब्द 5128 एवं विक्रम संवत् 2083 के ज्येष्ठ (उत्तर भारत में आषाढ़) कृष्ण दशमी, एकादशी और द्वादशी अर्थात 10, 11 और 12 जुलाई को यह बैठक आयोजित होगी। संगठनात्मक दृष्टि से इसे संघ की वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण बैठकों में से एक माना जाता है।
बैठक में संघ के सभी 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों के प्रांत प्रचारक, सह प्रांत प्रचारक, क्षेत्र प्रचारक तथा सह क्षेत्र प्रचारक भाग लेंगे। इसके अलावा संघ से प्रेरित 32 विभिन्न संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी इसमें शामिल होंगे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, सेवा कार्यों और विस्तार अभियानों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
मार्च में आयोजित अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा के बाद अप्रैल, मई और जून के दौरान देशभर में संचालित संघ के विभिन्न प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा बैठक का प्रमुख विषय रहेगी। इसके साथ ही शाखा विस्तार अभियान की प्रगति, संगठनात्मक कार्यप्रणाली तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की भी समीक्षा की जाएगी। देशभर में शाखाओं के विस्तार की वर्तमान स्थिति का आकलन करते हुए अधिकतम शाखा विस्तार के लिए आगामी रणनीति पर विचार होगा। साथ ही वर्ष 2026 के प्रशिक्षण वर्गों के प्रतिवेदन, उनसे प्राप्त अनुभवों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर भी मंथन किया जाएगा।
संघ आगामी विजयादशमी (20 अक्टूबर 2026) तक शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले शेष कार्यक्रमों की रूपरेखा भी इसी बैठक में तय करेगा। विभिन्न प्रांतों में चल रहे आयोजनों और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
संगठनात्मक विषयों के अलावा बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिस्थितियों, जनगणना सहित विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। देशभर से आए प्रचारक अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा करेंगे, जिनके आधार पर संगठन की भावी रणनीति तय करने पर विचार किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल, सी. आर. मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त चक्रधर, आलोक कुमार और अतुल लिमये सहित संघ के अखिल भारतीय कार्य विभाग के प्रमुख तथा कार्यकारिणी के अन्य वरिष्ठ सदस्य भी भाग लेंगे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

