पश्चिम बंगाल-असम में भाजपा की जीत तय, तमिलनाडु में भी राजग सत्ता में आएगा : प्रह्लाद जोशी

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल-असम में भाजपा की जीत तय, तमिलनाडु में भी राजग सत्ता में आएगा : प्रह्लाद जोशी


बागलकोट, 23 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को हार का सामना करना पड़ेगा, जबकि असम में भाजपा फिर से सत्ता में आएगी। इसके अलावा, उन्होंने तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सत्ता में आने का भी भरोसा जताया।

कर्नाटक के बागलकोट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार वीरन्ना चरंतीमठ के समर्थन में आयोजित रोड शो के दौरान उन्होंने यह बयान दिया। प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इस राज्य में भी भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है और पार्टी उपचुनाव में जीत हासिल करेगी।

सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में “कट्टरपंथियों का खेल” समाप्त हो रहा है। साथ ही कर्नाटक में “तुष्टिकरण की राजनीति” खत्म करने की जरूरत बताते हुए लोगों से कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि चुनावों में भाजपा के पक्ष में लहर दिखाई दे रही है और जनता का समर्थन पार्टी के लिए मजबूत आधार बनेगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाएं और सरकार के विकास कार्य भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Share this story