मैसूरु दशहरा की भव्य जंबू सवारी संपन्न, स्वर्ण अंबारी में विराजमान रहीं मां चामुंडेश्वरी

WhatsApp Channel Join Now
मैसूरु दशहरा की भव्य जंबू सवारी संपन्न, स्वर्ण अंबारी में विराजमान रहीं मां चामुंडेश्वरी




मैसूरु, 21 अक्टूबर (हि.स.)। विश्वविख्यात मैसूरु दशहरा महोत्सव का प्रमुख आकर्षण जंबू सवारी बुधवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। राजमहल के सामने शाम 4:10 बजे से 4:35 बजे तक मीन लग्न के शुभ मुहूर्त में मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार सहित गणमान्य व्यक्तियों ने स्वर्ण अंबारी में विराजमान नाडदेवता मां चामुंडेश्वरी को पुष्पांजलि अर्पित कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।

दशहरा महोत्सव के अंतिम चरण की जंबू सवारी राजमहल से शुरू होकर बन्नीमंटप तक पहुंची। नाडदेवता मां चामुंडेश्वरी को विराजमान कर ले जा रही स्वर्ण अंबारी की शोभायात्रा ने दशहरा उत्सव की रौनक बढ़ा दी।

इससे पहले दोपहर 1:36 बजे से 1:56 बजे तक शुभ मकर लग्न में राजमहल के किले आंजनेय स्वामी मंदिर के सामने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने नंदी ध्वजों की पूजा-अर्चना की। इसके बाद दशहरा शोभायात्रा को रवाना किया गया।

अभिमन्यु के नेतृत्व में निकला गजराजों का दल

राजमहल से निकली शोभायात्रा में अभिमन्यु ने ध्वजवाहक हाथी के रूप में सबसे आगे चलकर नेतृत्व किया। उसके पीछे नौपत हाथी और तीन कतारों में अन्य हाथी चले। गजराजों की भव्यता, पारंपरिक वाद्यवृंदों और विभिन्न कला दलों की प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया। विभिन्न विभागों और संगठनों की झांकियां भी शोभायात्रा में शामिल हुईं। पुलिस बैंड सहित विभिन्न वाद्यवृंदों और अश्वदल ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। इस बार प्रशांत हाथी ने पहली बार स्वर्ण अंबारी को धारण कर शोभायात्रा में हिस्सा लिया।

पांच हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

जंबू सवारी के मद्देनजर मैसूरु शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। शहर के प्रमुख स्थानों, चौराहों और शोभायात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पांच हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। कर्नाटक राज्य आरक्षित पुलिस बल, नगर सशस्त्र आरक्षित बल और जिला सशस्त्र आरक्षित बल की 33 टुकड़ियों को भी सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया था। शोभायात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी रखी गई।

नाडदेवता मां चामुंडेश्वरी को पुष्पांजलि अर्पित कर शुरू हुई जंबू सवारी राजमहल से बन्नीमंटप तक पहुंचने के साथ संपन्न हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story