आतंकी संगठन से संबंध के आरोप में कलबुर्गी से पश्चिम बंगाल का व्यक्ति गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
आतंकी संगठन से संबंध के आरोप में कलबुर्गी से पश्चिम बंगाल का व्यक्ति गिरफ्तार


कलबुर्गी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। कर्नाटक के कलबुर्गी में केंद्रीय खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आतंकी संगठन से संबंधों के आरोप में पश्चिम बंगाल निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। राज्य के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस की गिरफ्त में आए व्यक्ति की पहचान ममताजुल मलीक के रूप में हुई है। आरोप है कि वह सोशल मीडिया के जरिए लश्कर-ए-तैयबा के संपर्क में था और संदेशों के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करता था। ममताजुल मलीक कलबुर्गी के सराफ बाजार में अपने भाई के साथ आभूषण की दुकान पर काम करता था। मामले की जांच के दौरान खुफिया एजेंसियों और पुलिस को उसके कथित संपर्कों के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कलबुर्गी में रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने बताया कि आतंकी संगठनों से संबंध होने के संदेह में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। जांच के दौरान उनमें से एक व्यक्ति के आतंकी संगठन के साथ लगातार संपर्क में होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

खरगे ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। भारत सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर मामले की जांच की जा रही है।

गृह मंत्री खरगे ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों से कर्नाटक आते हैं। राज्य में आकर काम करना उनका अधिकार है और उन्हें इससे रोका नहीं जा सकता। हालांकि, राज्य में काम करने वाले दूसरे राज्यों के लोगों के बारे में आवश्यक जानकारी उपलब्ध होना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी निर्देश दिए गए थे, लेकिन संबंधित पक्षों की ओर से अपेक्षित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।

प्रियांक खरगे के मुताबिक, त्योहारों के बाद उद्योगपतियों, ई-वाणिज्य कंपनियों के प्रतिनिधियों, कॉफी उद्योग से जुड़े संगठनों और होमस्टे संचालकों सहित संबंधित पक्षों की बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में उनसे कर्मचारियों की जानकारी जुटाने और उपलब्ध कराने से जुड़ी मानक संचालन प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी ली जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762907 Articles

Share this story