भाषण के दाैरान नारेबाजी़ पर भड़के मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस कार्यकर्ताओं काे बता दिया 'यूज़लेस फेलोज'
बेंगलुरु, 21 जून (हि.स.)। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के नवनियुक्त अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कार्यकर्ताओं की नारेबाजी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कार्यक्रम के दाैरान लगातार नारेबाजी से असंतुष्ट खरगे ने कुछ कार्यकर्ताओं को फटकार लगाते हुए उन्हें यूज़लेस फेलोज तक कह दिया।
बेंगलुरु के पैलेस ग्राउंड पर आयोजित समारोह में खरगे मंच से संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ता और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के समर्थक लगातार डीकेशी, डीकेशी के नारे लगा रहे थे। बताया जाता है कि स्वयं डीके शिवकुमार ने भी कार्यकर्ताओं से शांत रहने की अपील की, लेकिन नारेबाजी जारी रही। अपने संबाेधन में लगातार बाधा पड़ने से खरगे ने नाराजगी जताई। खरगे ने कहा कि यहां इस तरह चिल्लाने से देश आपके हाथ में नहीं आ जाएगा। यूज़लेस फेलोज। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी एक व्यक्ति का कार्यक्रम नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम है।
खरगे ने कहा कि यह पार्टी को एकजुट करने का कार्यक्रम है। केवल एक नेता के नाम के नारे लगाने से क्या बाकी नेता यहां कूड़ा उठाने आए हैं? उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन बनाए रखने की नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस में व्यक्ति पूजा के लिए कोई स्थान नहीं है और पार्टी किसी भी व्यक्ति से बड़ी है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई नेता कितना भी बड़ा क्यों न हो, संगठन सर्वोपरि है। कांग्रेस पार्टी ने ही नेताओं को पहचान और ताकत दी है, इसलिए संगठन और अनुशासन को बनाए रखना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। खरगे ने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग की समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कदम उठाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

