बेंगलुरु में आईपीएल मैचों को लेकर हाई अलर्ट, मुख्य सचिव ने की सुरक्षा व सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा
बेंगलुरु, 27 मार्च (हि.स.)। स्थानीय एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार से शुरू होने वाले आईपीएल मैचों के मद्देनज़र राज्य सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। कर्नाटक की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने आज संबंधित अधिकारियों और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में स्टेडियम के भीतर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में किए गए बदलाव, पार्किंग प्रबंधन तथा दर्शकों के लिए पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा, नम्मा मेट्रो पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़, मेट्रो की समय-सारिणी और स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंधों को लेकर भी चर्चा की। मुख्य सचिव ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की छोटी से छोटी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरतना अनिवार्य है। बैठक में उन्होंने आईपीएल आयोजन के लिए सरकार की तय सभी शर्तों और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और हर पल की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साझा करने को कहा गया।
इस बैठक में केएससीए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के प्रतिनिधि, शहर के पुलिस आयुक्त, जीबीए आयुक्त, मेट्रो के प्रबंध निदेशक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

