व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के कार्य में समर्पित था एच.वी. शेषाद्रि का जीवन: प्रधानमंत्री
-प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह को किया संबोधित-योग को वैश्विक पहचान, प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी मान्यता-आयुर्वेद अनुसंधान और हर्बल उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा
बेंगलुरु, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत अपनी संस्कृति, पहचान और ज्ञान-विज्ञान को पूरे आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है। इसी का परिणाम है कि भारत की पहल पर आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही है। योग भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का वैश्विक प्रतीक बन चुका है। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को बेंगलुरु के जिगनी स्थित प्रशांति कुटीरम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता, विचारक और लेखक एच.वी. शेषाद्रि के जन्मशताब्दी वर्ष का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शेषाद्रि जी ने अपना पूरा जीवन व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के मिशन को समर्पित कर दिया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था, तब एक ओर लाखों स्वतंत्रता सेनानी आजादी की लड़ाई लड़ रहे थे, वहीं दूसरी ओर स्वामी विवेकानंद जैसे राष्ट्रऋषि भारत की आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने में जुटे थे। उन्होंने युवाओं को योग का मार्ग दिखाकर देश की आध्यात्मिक शक्ति को नई दिशा दी।
योग को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मिली मान्यता
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत में योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी मान्यता दी गई है। खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसे आयोजनों में योगासन को स्थान दिया गया है। इससे योग से जुड़े लोगों के लिए प्रतिस्पर्धी खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने के नए अवसर खुले हैं। उन्होंने इसे योग के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
आयुर्वेद अनुसंधान और निर्यात को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने आयुर्वेद के क्षेत्र में हो रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार आयुर्वेद आधारित अनुसंधान और पेटेंट को प्रोत्साहित कर रही है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और भारत से आयुष तथा हर्बल उत्पादों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
एच.वी. शेषाद्रि की छह पुस्तकों के अंग्रेजी अनुवाद का विमोचन
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने एच.वी. शेषाद्रि की छह पुस्तकों के अंग्रेजी अनुवाद का विमोचन किया। साहित्य संगम प्रकाशन की ओर से प्रकाशित इन पुस्तकों के माध्यम से शेषाद्रि के साहित्यिक योगदान, विचारों और वैचारिक चिंतन को अंग्रेजी भाषी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
पांच दशक से योग, शिक्षा और अनुसंधान को समर्पित प्रशांति कुटीरम
वर्ष 1975 में स्थापित प्रशांति कुटीरम ने पिछले पांच दशकों में योग को केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित न रखते हुए शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का काम किया है। संस्थान का उद्देश्य आधुनिक विज्ञान और भारत की आध्यात्मिक ज्ञान परंपरा के बीच सेतु स्थापित करना है।
प्रशांति कुटीरम, स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (एस-व्यास) का प्रमुख आवासीय केंद्र है। योग शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और समग्र स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में संस्थान ने देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। एस-व्यास को वर्ष 2002 में डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी का दर्जा मिला था।
संस्थान प्राचीन योग ज्ञान को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ जोड़कर समाज के व्यापक हित में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

