राज्यसभा टिकट नहीं मिलने से सार्वजनिक जीवन खत्म नहीं होता : देवेगौड़ा

WhatsApp Channel Join Now
राज्यसभा टिकट नहीं मिलने से सार्वजनिक जीवन खत्म नहीं होता : देवेगौड़ा


बेंगलुरु, 10 जून (हि.स.)। कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से टिकट नहीं मिलने को लेकर जारी चर्चाओं के बीच पूर्व प्रधानमंत्री एवं जनता दल (सेक्यूलर) के संरक्षक एच. डी. देवेगौड़ा ने स्पष्ट किया है कि उनकी राजनीतिक और सार्वजनिक सक्रियता पहले की तरह जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा की सदस्यता नहीं मिलने का अर्थ यह नहीं है कि उनका सार्वजनिक जीवन समाप्त हो गया है।

बेंगलुरु स्थित जेडीएस मुख्यालय जेपी भवन में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में देवेगौड़ा ने कहा, “मैं चुप बैठने वालों में नहीं हूं। अपनी क्षमता के अनुसार राज्य और देश से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखता रहूंगा। राज्यसभा सदस्य नहीं बनने से मेरी राजनीतिक भूमिका समाप्त नहीं होती।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अपने संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनका रिश्ता केवल राज्यसभा की एक सीट तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा, “पिछले दस वर्षों से हमारे बीच व्यक्तिगत मित्रता और परस्पर सम्मान का संबंध रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और शासन के बारे में मैंने हमेशा खुलकर अपनी बात रखी है और भविष्य में भी यह संबंध इसी तरह बना रहेगा।”

सात दशक से अधिक लंबे अपने राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए देवेगौड़ा ने कहा कि उन्होंने हमेशा जनसेवा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी इच्छा राज्यसभा सदस्य बनने की होती तो वे केंद्रीय नेतृत्व से संपर्क कर इसके लिए प्रयास कर सकते थे, लेकिन उनकी पार्टी ने ही राज्यसभा चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया था।

जेडीएस द्वारा उम्मीदवार नहीं उतारने के फैसले पर उन्होंने कहा कि पार्टी के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं था और केवल सीट की मांग करना उचित नहीं होता। इसी कारण पार्टी नेतृत्व ने चुनाव मैदान में उम्मीदवार उतारने से परहेज किया।

राज्यसभा टिकट को लेकर चल रही राजनीतिक अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए देवेगौड़ा ने कहा कि कई लोगों ने उनके लिए टिकट की संभावना जताई थी, लेकिन उन्होंने पार्टी के निर्णय को पूरी तरह स्वीकार किया है। उन्होंने इस मुद्दे को अनावश्यक राजनीतिक रंग नहीं देने की भी अपील की।

पार्टी संगठन को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि जेडीएस को राज्यभर में और सशक्त बनाने के लिए अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा होने के बावजूद पार्टी अपने संगठनात्मक विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।

देवेगौड़ा ने कहा कि आगामी महानगरपालिका, जिला पंचायत, तालुक पंचायत तथा अन्य स्थानीय निकाय चुनावों को देखते हुए पार्टी ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि राज्यसभा सीट मिले या न मिले, जनता की सेवा, पार्टी संगठन को मजबूत करने और राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी राय रखने की उनकी भूमिका आगे भी निरंतर जारी रहेगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Share this story