कन्फिडेंट ग्रुप के अध्यक्ष सी.जे. रॉय आत्महत्या मामले में कर्नाटक सरकार ने एसआईटी गठित की

WhatsApp Channel Join Now
कन्फिडेंट ग्रुप के अध्यक्ष सी.जे. रॉय आत्महत्या मामले में कर्नाटक सरकार ने एसआईटी गठित की


बेंगलुरु, 31 जनवरी (हि.स.)। कर्नाटक सरकार ने प्रसिद्ध उद्यमी और कन्फिडेंट ग्रुप के अध्यक्ष सी.जे. रॉय के आत्महत्या मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित की है। राज्य के गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने शनिवार को बताया कि बेंगलुरु के संयुक्त पुलिस आयुक्त वंशिकृष्ण के नेतृत्व में गठित इस दल में बेंगलुरु दक्षिण क्षेत्र के डीसीपी लोकेश सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हैं।

उन्होंने आगे बताया कि आयकर अधिकारियों की उपस्थिति में हुई इस आत्महत्या के मामले में एसआईटी यह तय करेगी कि क्या आईटी अधिकारियों से पूछताछ की जाए या नहीं। मामले से संबंधित पुलिस ने सी.जे. रॉय के इस्तेमाल किए गए iPhone और Android फ़ोन जब्त कर साइबर विभाग (सीआईडी) को भेज दिए हैं। चूंकि दोनों फ़ोन पासवर्ड से सुरक्षित हैं, इसलिए न्यायालय की अनुमति लेकर उन्हें फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) को भेजा जाएगा। सीआईडी साइबर सेल फ़ोन में मौजूद डेटा को रिकवर करने की प्रक्रिया में है।

उन्होंने बताया कि पुलिस जांच के दौरान सी.जे. रॉय की व्यक्तिगत डायरी भी मिली है, जिसमें उन्होंने बेंगलुरु के कुछ प्रभावशाली राजनेताओं और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के साथ अपने संबंधों का उल्लेख किया है। पुलिस ने सी.जे. रॉय की पत्नी और बच्चों के बयान एक निजी होटल में दर्ज किए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया है कि आत्महत्या का कारण क्या हो सकता है, उन्होंने अंतिम बार किससे कॉल की, क्या किसी संदेश या कॉल के माध्यम से किसी से संपर्क किया, आईटी जांच के संबंध में क्या कहा और क्या उन्हें किसी अन्य प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इन सब सवालों के जवाब दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Share this story