यूडीएफ जीता तो चेन्निथला मुख्यमंत्री पद के उपयुक्त उम्मीदवार : सुधाकरन

WhatsApp Channel Join Now
यूडीएफ जीता तो चेन्निथला मुख्यमंत्री पद के उपयुक्त उम्मीदवार : सुधाकरन


तिरुवनंतपुरम, 24 मार्च (हि.स.)। केरल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. सुधाकरन ने कहा है कि यदि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) राज्य में सत्ता में आता है तो मुख्यमंत्री पद के लिए रमेश चेन्निथला सबसे उपयुक्त उम्मीदवार होंगे। उन्होंने चेन्निथला के अनुभव और नेतृत्व क्षमता की सराहना भी की।

सुधाकरन ने मंगलवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान संकेत दिया कि वे अब केरल की सक्रिय राजनीति में बड़ी भूमिका नहीं निभाएंगे। उन्होंने कहा कि चेन्निथला एक अनुभवी नेता हैं, जो राजनीतिक परिस्थितियों को समझते हैं और जिम्मेदारी के साथ निर्णय लेने की क्षमता रखते हैं।

उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के चयन के दौरान चेन्निथला ने व्यक्तिगत रूप से उनसे संपर्क किया था, जो उनके समावेशी नेतृत्व को दर्शाता है। सुधाकरन ने उन अटकलों को खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि उनके बेटे ने उन्हें चुनाव न लड़ने के लिए प्रभावित किया। उन्होंने इन खबरों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया और कहा कि उनका निर्णय पूरी तरह स्वतंत्र था।

सुधाकरन ने यह भी खुलासा किया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनसे बातचीत की थी और उन्होंने पार्टी नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि वे ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे जिससे पार्टी को नुकसान पहुंचे।

कन्नूर सीट के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उन्हें यूडीएफ उम्मीदवार टीओ मोहनन से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि यदि वे चुनाव नहीं लड़ते तो उन्होंने स्वयं मोहनन का नाम सुझाया था और पार्टी द्वारा उस सहमति का सम्मान किए जाने से वे संतुष्ट हैं।

यूडीएफ की संभावनाओं पर विश्वास जताते हुए सुधाकरन ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में गठबंधन करीब 100 सीटें जीत सकता है। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि कांग्रेस के भीतर कोई मतभेद नहीं है और पार्टी पूरी तरह एकजुट है।

इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की किसी भी संभावना को सिरे से खारिज करते हुए कांग्रेस के प्रति अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता दोहराई।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / उदय कुमार सिंह

Share this story