कर्नाटक के तुमकुरु में ट्रक-कार की टक्कर, चार लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कर्नाटक के तुमकुरु में ट्रक-कार की टक्कर, चार लोगों की मौत


तुमकुरु, 09 मई (हि.स.)। कर्नाटक के तुमकुरु जिले के कुनिगल तालुक स्थित होन्नेनहल्ली के पास शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में आल्टो कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब उर्वरक से भरे एक ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर कुनिगल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त कार से शवों को निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मृतकों की पहचान मंड्या जिले के स्वर्णसंद्र निवासी कुमार नरसिम्हास्वामी, उनकी पत्नी गायत्री (60), उनकी बहन गायत्री (55) और कार चालक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कुमार नरसिम्हास्वामी अपनी पत्नी और बहन के साथ शुक्रवार को तुमकुरु आए थे। वे विवाह वर्षगांठ के अवसर पर देवरायणदुर्ग में दर्शन के लिए गए थे और वहां से लौटते समय यह हादसा हुआ।

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुनिगल तालुक अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Share this story