इनामी महिला माओवादी बेला गिरफ्तार, झारखंड में बेला पर 23 मामले दर्ज हैं
कोलकाता, 12 मई (हि.स.)। झारखंड में सक्रिय 15 लाख रुपये की इनामी महिला माओवादी श्रद्धा विश्वास उर्फ बेला को कोलकाता पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स और उत्तर काशीपुर थाना क्षेत्र की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे उसके गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि बेला पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के चाकदह इलाके की निवासी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा विश्वास लंबे समय से माओवादी संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही थी। उसके खिलाफ झारखंड के अलग-अलग थानों में लगभग 23 मामले दर्ज हैं। झारखंड पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और कई एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।
गिरफ्तारी के बाद कोलकाता पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद और एसटीएफ प्रमुख सीबी सोलोमन ने कार्रवाई की जानकारी साझा की।
अधिकारियों के अनुसार, बेला गुप्त रूप से संगठन के नेटवर्क को मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और विभिन्न इलाकों में संपर्क बढ़ाने का काम कर रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस को उसके पास से अहम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और संदिग्ध संपर्कों से जुड़ी जानकारियां मिली हैं। जांच एजेंसियां अब इन सामग्रियों की पड़ताल कर रही हैं। शुरुआती पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर दूसरे राज्यों में भी आगे कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। गिरफ्तार माओवादी नेता को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी, ताकि उससे विस्तृत पूछताछ की जा सके।
पुलिस का कहना है कि बेला अपनी पहचान छिपाकर रह रही थी और सामाजिक गतिविधियों की आड़ में संगठन से जुड़े काम संचालित कर रही थी। फिलहाल उसके संपर्कों, फंडिंग नेटवर्क और सहयोगियों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य में उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

