साइबर ठगी का आरोपित शेख साबिर कोलकाता हवाई अड्डे से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
साइबर ठगी का आरोपित शेख साबिर कोलकाता हवाई अड्डे से गिरफ्तार


कोलकाता, 03 नवंबर (हि.स.)। कर्नाटक में कई साइबर धोखाधड़ी के मामलों में वांछित आरोपित शेख साबिर को कोलकाता के नेताजी सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित मंगलवार तड़के कोलकाता से दुबई भागने की तैयारी में था। इसी दौरान आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शेख साबिर मंगलवार तड़के दुबई जाने के लिए कोलकाता हवाई अड्डे पहुंचा था। आव्रजन अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच के दौरान उसके खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस की जानकारी मिलने पर उसे हिरासत में ले लिया। बाद में उसे हवाई अड्डा थाने की पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसकी सूचना कर्नाटक पुलिस को भी दे दी गई है।

बताया गया है कि शेख साबिर पर कर्नाटक में सक्रिय एक बड़े साइबर ठगी गिरोह से जुड़े होने का आरोप है। उस पर लोगों को डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर ब्लैकमेल करने और आर्थिक धोखाधड़ी करने के भी आरोप हैं। इन मामलों में बेंगलुरु सिटी साइबर अपराध थाने में कई शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज किए गए थे।

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक पुलिस और सीआईडी लंबे समय से शेख साबिर की तलाश कर रही थी। उसका पता नहीं चलने पर उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। अब कोलकाता हवाई अड्डे से गिरफ्तारी के बाद उसे कर्नाटक ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अदालत में आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर कर्नाटक ले जाने की अनुमति मांग रही है। वहां उससे साइबर ठगी के मामलों में पूछताछ की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story