पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त से 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ : बंशीलाल गुर्जर

WhatsApp Channel Join Now
पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त से 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ : बंशीलाल गुर्जर


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त जारी किए जाने पर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के करोड़ों किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि हस्तांतरित कर उन्हें बड़ा उपहार दिया है।

गुर्जर ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई। गुजरात के 50 लाख से अधिक किसान भी इस योजना से लाभान्वित हुए हैं।

बंशीलाल गुर्जुर ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि गुजरात में 14,400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रदेश के विकास को नई गति देगा।

गुर्जर ने कहा कि मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों के दौरान किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण, कृषि के आधुनिकीकरण और उनकी आय एवं सम्मान बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। कांग्रेस-नीत यूपीए सरकार के कार्यकाल में कृषि बजट लगभग 23,000 करोड़ रुपये था, जिसे वर्तमान सरकार ने बढ़ाकर लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि नीम कोटेड यूरिया, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को प्रोत्साहन देने जैसी पहलों से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया गया है। लगभग 7,600 किसान उत्पादक संगठनों के गठन की दिशा में किए गए प्रयासों से किसानों को संगठित होकर अपनी उपज के बेहतर विपणन और व्यापार के अवसर मिले हैं।

गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार ने खरीफ और रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में लगातार वृद्धि की है। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हुए हैं। सरकार की किसान कल्याणकारी नीतियों से किसानों में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसानों के परिश्रम, संघर्ष और उनकी वास्तविक समस्याओं को समझते हैं। यही कारण है कि पिछले 12 वर्षों में किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए गए हैं। बंशीलाल गुर्जर ने देश के करोड़ों किसान परिवारों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार किसानों के सम्मान, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story