एससीओ सम्मेलन में भाग लेने ताजिकिस्तान जाएंगे कीर्ति वर्धन सिंह

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह 12 और 13 जून को ताजिकिस्तान की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। सम्मेलन का आयोजन ताजिकिस्तान द्वारा किया जा रहा है, जो वर्तमान में एससीओ की शासनाध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता कर रहा है।

इस वर्ष सम्मेलन का विषय “मध्य एशिया - एससीओ का केंद्र: शांति और संयुक्त विकास का क्षेत्र” रखा गया है। यह विषय युवाओं, संस्कृति और सभ्यताओं के बीच संवाद को बढ़ावा देने संबंधी भारत की एससीओ प्राथमिकताओं के अनुरूप माना जा रहा है।

यात्रा के दौरान कीर्ति वर्धन सिंह की एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधियों और अपने समकक्षों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों के अलावा व्यापार, संपर्क, ऊर्जा, संस्कृति तथा बहुपक्षीय सहयोग से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

भारत मध्य एशिया को अपने ‘विस्तारित पड़ोस’ का महत्वपूर्ण हिस्सा मानता है और क्षेत्रीय संपर्क, सुरक्षा, आर्थिक सहयोग तथा साझा समृद्धि को बढ़ावा देने में इस क्षेत्र की अहम भूमिका देखता है। ऐसे में सम्मेलन भारत के लिए सदस्य देशों के साथ सहयोग को और मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा

Share this story